32 गांवों की महिलाओं को मुफ्त दी जाएगी कपड़े सिलाई की ट्रेनिंग
बाल कल्याण परिषद कौशल विकास योजना के तहत 32 गांवों में सिलाई सेंटर और ब्यूटी पार्लर का कोर्स महिलाओं को नि:शुल्क कराएगा। योजना का मकसद महिलाओं को स्वावलंभी और सशक्तिकरण की ओर ले जाना है। परिषद की जिला अधिकारी शिवानी सूद के मुताबिक, फिलहाल 20 गांवों के नाम फाइनल हो चुके हैं और बाकी 12 गांवों के नाम को लेकर डीसी अशोक कुमार से चर्चा होनी है। जल्द ही इस पर फैसला ले लिया जाएगा। हालांकि ब्यूटी पार्लर की संख्या को लेकर भी अभी अंतिम निर्णय होना बाकी है।
शिवानी सूद ने बताया कि सिलाई सेंटर और ब्यूटी पार्लर को लेकर गांवों के सरपंच से बात हो चुकी है। वे लोग हमें नि:शुल्क जमीन मुहैया कराएंगे और वहां पर हम अपने रिसोर्स पर्सन को ट्रेनिंग के लिए रखेंगे। शुरुआत में 25 महिलाओं का एक बैच होगा जो सुबह 9 या 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सिलाई सेंटर में ट्रेनिंग लेगा। यह योजना सफल होने पर बैच की संख्या और ट्रेनिंग का समय बढ़ाया जा सकता है।
जिले के इन गांवों में खुलेंगे ट्रेनिंग सेंटर
जनसुई, भून्नी, दानीपुर, सैनी माजरा, भुरंगपुर, गरनाला, बाड़ा, पंजोखरा साहिब, ब्राह्मण माजरा, नाउहानी, तेपला, मुलाना, राजोखेरी, सरदेहड़ी, फुलेवाला, छोटी कोहरी, पंजल्सा, पथरेरी, धनाना।