पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
कुरुक्षेत्र (लाडवा)। लाडवा में एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर 24 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। लाडवा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में भूपिंदर जीत सिंह निवासी निवारसी ने बताया कि उसके यमुनानगर के एक जानकार गौरव का उनके घर आना-जाना था। उसने कहा कि वह उसके लड़के रमनदीप सिंह को अमेरिका भेज देगा। हमारे पास कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के एजेंट हैं, जो इसे सुरक्षित तरीके से अमेरिका भेज देंगे। इसके लिए हम 24 लाख रुपए लेते हैं। पहले तीन लाख व पासपोर्ट देना है।
13 सितंबर 2018 को उन्होंने विश्वास करके लड़के ने अपने खाते से तीन लाख एजेंट के खाते में भेज दिए व पासपोर्ट दे दिया। पैसे मिलने के बाद उन्होंने जल्द ही उसके लड़के को दिल्ली बुलाने की बात कही और उसे अगले दिन 14 सितंबर को दिल्ली बुला लिया।
उसके बाद उन्होंने उसके लड़के की 21 सितंबर की दिल्ली से कुवैत की फ्लाइट करवा दी, लेकिन रास्ते में उनके लड़के रमनदीप को विदेश में रह रहे एक एजेंट संधू नाम के व्यक्ति की कॉल आई और उसे बगोटा में रुकने की बात कही। वहां उसे एक अन्य विदेशी एजेंट डागर से मिलाया, जिसने उसे वहां एक होटल में ठहरा दिया।
फिर डागर ने इंडिया में गौरव व प्रताप मान से बातचीत कर बकाया रकम लेने के लिए कहा। इसके बाद वह उनके पास गांव निवारसी आए और 24 सितंबर को 19 लाख 50 हजार रुपए की राशि गांव के ही अशोक कुमार के सामने उससे ले गए और जल्द ही लड़के को अमेरिका भेजने का आश्वासन देकर चले गए।
आरोपी ने बातचीत करने के बजाय घर से निकाला
आरोप लगाया कि पैसे मिलने के बाद विदेशी एजेंट ने रमनदीप सिंह को अमेरिका के बॉर्डर पर पहुंचा दिया और पासपोर्ट अपने पास रख लिया। जब उसने अमेरिका बॉर्डर पार किया तो अमेरिका की पुलिस ने उसे पकड़कर जेल भेज दिया। करीब एक साल वह जेल में रहा। जेल से ही लड़के ने उसे सारी कहानी सुनाई और उसे जेल से निकलवाने की बात कही।
जब उसने एजेंट से लड़के को जेल से बाहर निकलवाने की बात कही तो इसकी एवज में एजेंट ने डेढ़ लाख रुपए मांगे। डेढ़ लाख रुपए लेने के बाद उन्होंने विदेशी एजेंट के कहने पर मेरे लड़के रमनदीप सिंह को रिपोर्ट कर दिया। 23 अक्टूबर 2019 को रमनदीप सिंह दिल्ली पहुंच गया और जब तीन नवंबर को गौरव के घर मामले को लेकर बातचीत करने गए तो गौरव ने उन्हें घर से निकाल दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.