गंदे इशारों से तंग आ लड़कियों ने स्कूल जाने से किया इनकार, पता चलने पर महिलाओं ने आरोपी को नंगा करके पीटा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
अंबाला शहर के जैन बाजार में छेड़खानी के आरोपी युवक को पीटती महिलाएं। - Dainik Bhaskar
अंबाला शहर के जैन बाजार में छेड़खानी के आरोपी युवक को पीटती महिलाएं।
  • अंबाला शहर के जैन बाजार का है मामला, स्कूल के बाहर बैठ लड़कियों को तंग करता था युवक
  • अंबाला सिटी स्थित महिला थाने की पुलिस ने किया आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट में केस दर्ज
  • आरोपी का भाई और अन्स परिजन भी दिखे गंदी हरकत से नाराज, बोले-यही सजा थी इसकी

अंबाला. अंबाला में सोमवार सुबह कुछ महिलाओं ने एक युवक को नंगा करके बुरी तरह पीटा। आरोप है कि यह स्कूल के बाहर लड़कियों की तरफ अश्लील इशारे करता था। यहां तक कि अपना प्राइवेट पार्ट निकालकर भी दिखा देता था। इसके चलते लड़कियों ने स्कूल जाने से इनकार कर दिया। कारण का पता चलने के बाद इनमें से एक लड़की के परिवार की महिलाओं ने सोमवार को गुप्त रूप से पीछा किया और आरोपी युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया। मारपीट के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।


मामला अंबाला शहर के जैन बाजार का है। बताया जाता है कि एक युवक स्कूल के बाहर बैठ लड़कियों को रोजाना तंग करता था। उन्हें गंदे-गंदे इशारे करता और उन पर अश्लील फब्तियां कसता था। इससे परेशान हो चुकी छात्राओं ने स्कूल जाने से इनकार कर दिया। परिजनों ने इसका कारण पूछा तो छात्राओं ने सारी बात परिजनों को बताई, जिसके बाद सोमवार को एक छात्रा की मां ने सच्चाई जानने के लिए लड़कियों का पीछा किया। इसी दौरान महिलाओं ने आरोपी लड़के को रंगे हाथ पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने उसे बिलकुल निर्वस्त्र करके उसका जुलूस भी निकाला।


इस घटना से न सिर्फ इन छात्राओं के परिजनों में रोष है, बल्कि स्कूल में अपनी बच्चियों को भेजने वाले अन्य लोग भी नाराज दिखे। साथ ही पवन नामक इस आरोपी हरकत पर उसके परिजनों ने भी नाराजगी दिखाई। उसके भाई गुलशन ने कहा कि वह मानसिक तौर पर बिलकुल ठीक है, उसकी हरकतों की यही सजा बनती थी। हालांकि बाद में सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, जिसने आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस बारे में अंबाला सिटी के महिला थाने की प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।