पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
फतेहाबाद. धुलैंडी वाले दिन जहां सिरसा, पलवल समेत कई जगह विवाद और हत्या जैसे मामले सामने आए हैं, वहीं फतेहाबाद में भी एक युवक की जान ले ली गई। झगड़े की वजह भी बेहद मामूली झगड़े को बताया जा रहा है, जिसके चलते एक युवक ने दूसरे पर गोलियां चला दी। गंभीर हालत में परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां उपचार मिलने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना फतेहाबाद जिले के गांव समैण की है। पुलिस को दी शिकायत में 50 वर्षीय बलराज ने बताया कि उसका 22 वर्षीय बेटा परमजीत खेत जा रहा था। रास्ते में शराब के ठेके पर खड़े प्यारेलाल के साथ उसकी किसी बात पर कहासुनी हो गई। उस वक्त तो वह खेत चला गया।
इसके बाद शाम को वह अपने भतीजे कृष्ण के साथ बस अड्डे पर गया तो वहां उसके बेटे ने पूरी बात बताई। आरोप है कि इसी दौरान प्यारे लाल व उसके भाई मनोज ने बाइक पर आकर फिर से झगड़ा शुरू कर दिया। प्यारे लाल ने अपनी पिस्तौल से परमजीत की छाती में गोली मार दी।
तीन गोलियां लगने से घायल हुए परमजीत को उसके परिवार के लोग अस्पताल में ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, लेकिन वहां जाते ही डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मामले की सूचना पाकर डीएसपी उमेद सिंह, एसएचओ सदर सुरेंद्र कुमार, सीआईए प्रभारी विनोद कुमार की टीम ने निरीक्षण भी किया। थाना सदर प्रभारी सुरेंद सिंह ने बताया कि मृतक के पिता के बयान पर मनोज व प्यारे लाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.