पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
सिरसा. जिले के सामान्य अस्पताल में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब ऑस्ट्रेलिया से आई एक महिला आइसोलेशन वार्ड से बिना बताए भाग गई। महिला गुरुवार को अस्पताल में सर्दी-जुकाम-खांसी का इलाज कराने अस्पताल आई थी। कोरोना संक्रमण की आशंका के चलते उसे आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया था। उसके सैंपल लेने की तैयारी चल ही रही थी, तभी वह बिना बताए वहां से फरार हो गई। अस्पताल स्टाफ ने इसकी सूचना पुलिस को दी और खुद भी तलाश में जुट गई, लेकिन उसका पता नहीं चला।
दो दिन पहले ही ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटी थी
सिरसा सामान्य अस्पताल में गुरुवार को एक महिला पहुंची। उसने डॉक्टर को बताया कि वह दो दिन पहले ऑस्ट्रेलिया से वापस लौटी है। कुछ दिनों से उसको खांसी- जुकाम की दिक्कतें हैं। ड्यूटी डॉक्टर ने खांसी, जुकाम व गले में दिक्कत से प्रभावित महिला को कोरोना आशंकित बताते हुए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया। इलाज के दौरान विशेष टीम ने महिला का ब्लड सैंपल लेना था। लेकिन वह चली गई। सुरक्षाकर्मियों ने उसकी काफी तलाश की। लेकिन, महिला का कोई पता नहीं चला।
अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को महिला का मोबाइल नंबर दिया। पुलिस ने जब नंबर पर कॉल किया तो उसने फोन नहीं उठाया। उधर, अस्पताल के डॉक्टर के मुताबिक उक्त महिला हेल्थ टीम के संपर्क में नहीं थी, ऐसे में उसमें संक्रमण की स्थित के बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है। महिला ने खुद अस्पताल में पहुंचकर ऑस्ट्रेलिया से लौटने की बात कही थी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.