अखिल भारतीय किसान सभा ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले शुक्रवार को क्षेत्र के किसानों ने भीम सैन कथुरिया की अगुवाई में बरसात से खराब हुई फसलों का मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर एसडीएम राजेश कुमार को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने मांग की है कि किसानों पर मौसम की मार पड़ी है। ओलावृष्टि, जलभराव व तेज तूफान ने किसानों की फसलों को बर्बाद कर दिया है। डीजल, खाद, बीज व दवाइयों के दामों ने किसानों की कमर तोड़ कर रख दी है। किसानों ने मांग की है कि उनकी बर्बाद हुई फसलों की गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजा दिया जाए। किसान सभा के जिला प्रधान दयानंद ढुकिया ने कहा कि किसानों को फसलों के वाजिब दाम नहीं मिल रहे हैं जिसके कारण किसानों का जीवनयापन करना मुश्किलों भरा हो गया है। किसान सभा सरकार से मांग करती है की बर्बाद हुई फसलों की गिरदावरी करवाकर उन्हें 30 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए। आवारा पशुओं से किसानों को निजात दिलवाई जाए। प्रदेश में पशु मेले खोले जाएं ताकि बेसहारा पशुओं द्वारा किसानों को जो आर्थिक नुकसान पहुंचा पहुंचाया जा रहा है उससे किसानों को राहत मिल सके। इस अवसर पर प्रधान भूप सिंह, भीम सैन कथुरिया, रिछपाल कडवासरा, पंकज, प्रदीप, जोगीराम बेनीवाल, सुनील कथुरिया, राजेंद्र, सुनील कुमार, अनिल कुमार, ताराचंद, वेद प्रकाश, राजेंद्र कुमार मौजूद रहे।
फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर एसडीएम राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपते किसान सभा के सदस्य।