अखिल भारतीय सेवा संघ का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
बरवाला| शहर के टोहाना मार्ग पर स्थित विशाल योगाश्रम में अखिल भारतीय सेवा संघ का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर विधायक जोगीराम सिहाग व पूर्व विधायक वेद नारंग ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में नपा चेयरपर्सन प्रतिनिधी पंकज बादल, पार्षद पुनीत जावा मौजूद रहे जबकि अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष इंद्र गोयल ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर संघ के संस्थापक व प्रांतीय महासचिव विनोद धवन पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब समा बांधा। इस मौके पर संघ के नव नियुक्त सदस्यों को संघ के संस्थापक व महासचिव विनोद धवन ने सदस्यता की शपथ ग्रहण करवाई तथा संघ के उद्देश्यों, आदर्शों व लक्ष्यों के बारे में बताया। इस मौके पर संघ के पिछले वर्ष के दौरान किए गए कार्यों के लिए संघ के सदस्यों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संघ के संरक्षक डॉ. योगेश बिदानी, अध्यक्ष ओम प्रकाश वधवा, सचिव कमल कक्कड़, कोषाध्यक्ष पवन मलिक उपस्थित रहे।