50 मीटर दौड़ में अंगूरी प्रथम आरती दूसरे स्थान पर रही
गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत केंद्र के सौजन्य से भारत सरकार द्वारा शुरू किए अभियान एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में अलग-अलग निर्माण स्थल पर कार्य करने वाले मजदूरों के बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें 50 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, लेमन स्पून दौड़, रिले दौड़, फुटबाल आदि मुकाबले करवाए गए।
स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत केन्द्र के संयोजक डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि कार्यक्रम अभिषेक सैनी और मनीषा पायल की देख-रेख में हुआ। यह कार्यक्रम भारत सरकार के अंतर्गत पूरे देश में चल रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य हर राज्य की संस्कृति को दूसरे राज्य में उजागर करना है। यह भारत सरकार की अच्छी पहल है। इससे पूरे भारत को एकता के सूत्र में पिरोने का काम और आसान होगा। एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत खेल प्रतियोगिताएं, पर्यटन विनिमय, सांस्कृतिक विनिमय, युवा उत्सव, शैक्षणिक विनिमय आदि कार्यक्रम कराए जा सकते हैं। 50 मीटर दौड़ में अंगूरी प्रथम, आरती दूसरे व रिया तीसरे स्थान पर रही। 100 मीटर दौड़ में अरुण ने प्रथम, विक्रम ने दूसरा व सुमित ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। लेमन स्पून दौड़ में सुमेरा विजयी रही। अभिभावकों ने बताया कि विवि के विद्यार्थियों द्वारा करवाई गई प्रतियोगिता हमारे लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। जब हमें पता चला कि हमारे बच्चें के लिए कुछ ऐसा उत्सव होगा, हम अपने आधे दिन की मजदूरी छोड़कर यह देखन के लिए आ गए। इस दौरान कमल, जगमोहन, सौरभ, प्रतिभा, यशिका, मनीषा, रश्मि अाैर कोमल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया।