पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मुल्तानी चौक पर नकली सेनिटाइजर बेचते पकड़ा

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

कोरोना वायरस की आड़ में मास्क व सेनिटाइजर की कालाबाजारी से स्वास्थ्य विभाग वाकिफ है लेकिन लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ के लिए दुकानदारों ने नकली सेनिटाइजर भी बेचने शुरू कर दिए हैं। इसकी शिकायत मिलने पर सीएमओ डॉ. रतना भारती ने एक टीम का गठन किया। इसमें ड्रग विभाग के सीनियर ड्रग कंट्रोलर डॉ. रमन श्योराण, ड्रग कंट्रोलर डॉ. सुरेश चौधरी, डॉ. कुलदीप के साथ ड्यूटी मजिस्ट्रेट ललित जाखड़ की अगुवाई में मुल्तानी चौकी पुलिस को साथ लेकर कार्रवाई की। टीम ने बोगस ग्राहक को दुकान से सेनिटाइजर खरीदकर लाने के लिए भेजा। ग्राहक के मांगने पर दुकानदार ने महज 50 रुपये में सेनिटाइजर दिया, जिस पर 190 रुपये एमआरपी अंकित था।

ड्रग कंट्रोलर ने सेनिटाइजर बोतल की जांच की। उस पर न तो उत्पादन तिथि थी न एक्सपाइरी डेट। उत्पादकर्ता का नाम तक नहीं लिखा था। 190 रुपये अंकित वाला सेनिटाइजर 50 रुपये में बेचा जा रहा है, जिसके चलते उत्पाद के नकली होने पर छापा मार दिया।

दुकान से 6 सेनिटाइजर बोतल बरामद हुईं, जिन्हें जब्त कर लिया। दुकानदार से पूछने पर जवाब मिला कि और भी दुकानों पर सप्लाई हुआ है। टीम ने उसके बताए अनुसार कुछ दुकानों पर जाकर पड़ताल की लेकिन सेनिटाइजर नहीं मिला। सीनियर ड्रग कंट्रोलर डॉ. रमन श्योराण ने बताया कि ड्रग एंड कॉस्मैटिक एक्ट और एसेंशियल कमोडिटीज एक्ट के तहत कार्रवाई का प्रावधान है। इस पर विचार करके आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बता दें कि इससे पहले नागोरी गेट एरिया में 2 दुकानों पर एमआरपी से ज्यादा कीमत पर मास्क बेचने पर ड्रग विभाग कार्रवाई करते हुए सील कर चुका है।

खबरें और भी हैं...