सीनियर जूडो चैंपियनशिप में जिले के खिलाड़ी छाये
हिसार | भिवानी के भीम स्टेडियम में हुई हरियाणा सीनियर जूडो चैंपियनशिप में हिसार के पुरुष वर्ग में जूडो खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान पर बाजी मारी। रोहतक के खिलाड़ी द्वितीय तथा सिरसा के खिलाड़ी तृतीय रहे। महिला व पुरुष वर्ग में हुई हरियाणा सीनियर जूडो चैंपियनशिप में हिसार के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस दौरान पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों ने अपने प्रतिद्वंद्वी को शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा कर लिया। विजेता खिलाड़ियों में 60 किलोग्राम भारवर्ग में आशीष, 66 किलोग्राम मे मुकेश प्रथम स्थान पर रहे। 81 किलोग्राम भार में राम रतन तथा 60 किलोग्राम भार में प्रदीप सैनी ने सिल्वर मेडल जीता। इसी प्रकार महिला वर्ग में 48 किलोग्राम भारवर्ग में मीनाक्षी ने ब्रॉन्ज मेडल जीता। जूडो एसोसिएशन के जिला प्रधान जगदीश चन्द्र, सचिव प्रहलाद सैनी, खजांची जितेन्द्र कश्यप, दिलबाग सिंह, जूडो कोच निर्मला सैनी और पूर्व सचिव सुरेश कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामना दी।