फर्जीवाड़ा करके ट्रक में लोड कराया गेहूं, केस दर्ज कराया
पुलिस ने ट्रक जब्त किया, एक गिरफ्तार
हिसार | खरकड़ा निवासी विजय कुमार की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को विजय कुमार ने बताया कि सूरेवाला चौक पर जय मां अंबे ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाता हूं। मुझे पंजाब के मुक्तसर स्थित कोटली वासी रामप्यार सिंह का फोन आया था। उसने कहा कि 40 टन गेहूं एफसीआई से गुजरात के सूरत में लेकर जाना है। उसने ट्रक नंबर आरजे-01जीए-9705 बताया था। ट्रक लेकर एफसीआई में भरने ले आया था। लेबर ने उसमें गेहूं लोड कर दिया था। जब दस्तावेज की जांच की तो उसमें फर्जीवाड़े का अंदेशा हुआ। ट्रक के चेसिज नंबर की जांच में पाया कि असली नंबर आरजे07जीए9604 है। मोबाइल पर आए फोन की जानकारी जुटाई तो वह फतेहाबाद की बालाजी ट्रांसपोर्ट कंपनी का निकला। उसने अपना नाम दीप बताया। तुरंत ट्रक से माल उतरवा लिया था। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना देकर रामप्यार सिंह और दीप पर कार्रवाई की मांग की। जांच अधिकारी नई अनाज मंडी चौकी इंचार्ज रविन्द्र ने बताया कि मामले में आरोपी रामप्यार को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक जब्त कर लिया है।