पहली से 8वीं कक्षा की परीक्षाएं 17 से 25 मार्च तक चलेंगी
राजकीय विद्यालयों में कक्षा पहली से आठवीं तक के बच्चों के लिए मार्च में होने वाली वार्षिक परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। कक्षा पहली से पांचवीं तक की परीक्षा 19 मार्च से तो कक्षा छठी से आठवीं की परीक्षाएं 17 मार्च से होंंगी। ये परीक्षाएं 25 मार्च तक चलेगी।
विभाग की ओर से परीक्षा के लिए दिशा-निर्देश भी दिए हैं। कक्षा तीसरी से आठवीं तक की 3 घंटे की परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होगी। इन परीक्षाओं में बच्चों की संख्या अनुसार पर्यवेक्षक लगाए जाएंगे। पर्यवेक्षकों को ही उसी दिन उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन करना होगा।
20 किलोमीटर के दायरे में होगी शिक्षकों की ड्यूटी : विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार अध्यापक की वर्तमान में स्कूल से 20 किलोमीटर के दायरे से बाहर ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। इसके अलावा पर्यवेक्षकों की ड्यूटी बच्चों की संख्या के अनुसार लगानी होगी। 31 मार्च तक वार्षिक परीक्षा के परिणाम विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। इसके लिए स्कूल मुखियाओं की जिम्मेदारी तय की गई है ताकि जवाबदेही रहे।
बोर्ड से आएंगे प्रश्न पत्र
कक्षा तीसरी से आठवीं के प्रश्न पत्र हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी से आएंगे। यही प्रश्न पत्र जिला स्तर पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त बड़ी समस्या प्रश्न पत्रों के कम पड़ने की भी सामने आती रही है। इस बार यह परेशानी नहीं रहेगी। सू्त्रों के अनुसार ब्लॉक वाइज पांच प्रतिशत प्रश्न पत्र स्टॉक के रूप में भी दिए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल किया जा सके।
राजकीय विद्यालयों में कक्षा पहली से आठवीं तक की वार्षिक परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। ये परीक्षाएं 19 मार्च से शुरू हाेकर 25 मार्च तक चलेगी। अध्यापक की वर्तमान में स्कूल से 20 किलोमीटर के दायरे से बाहर ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। वहीं पर्यवेक्षकों को उसी दिन उत्तर पुस्तिका का मूल्यांकन करना होगा।
- नरेश महता, उप जिला शिक्षा अधिकारी, भिवानी।
12वीं की गृह विज्ञान परीक्षा में 39 नकल के मामले दर्ज, एक केंद्र की परीक्षा रद
भिवानी | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सीनियर सेकंडरी गृह विज्ञान विषय की परीक्षा में नकल के 39 मामले दर्ज किए गए। ड्यूटी से कोताही बरतने पर एक सुपरवाइजर को रिलीव करते हुए एफआईआर दर्ज करवाई। वहीं एक परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द करते हुए परीक्षा केंद्र काे शिफ्ट किया गया। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह के उड़नदस्ते द्वारा हिसार एवं जींद के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर नकल के चार केस पकड़े। बोर्ड सचिव राजीव प्रसाद के उड़नदस्ते द्वारा हिसार के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर नकल के छह केस पकड़े। विभिन्न अन्य उड़नदस्तों द्वारा नकल के कुल 29 मामले दर्ज किए गए। उन्होंने बताया कि जिला प्रश्न पत्र उड़नदस्ता, झज्जर द्वारा परीक्षा केन्द्र रावमावि मुंडाहेड़ा में अनुक्रमांक 3020220307, 3020220310 एवं 3020220313 के यूएमसी दर्ज किए गए तथा परीक्षा केंद्र के कमरा नंबर दो में नियुक्त पर्यवेक्षक सुखदर्शन के मोबाइल को जब्त करते हुए पर्यवेक्षक सहित इन तीनों परीक्षार्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
कब काैन सी परीक्षा हाेगी
{ कक्षा पहली से पांचवीं तक में 19 मार्च को अंग्रेजी, 20 को हिंदी व 21 को मैथेमेटिक्स, 25 मार्च को कक्षा तीन से पांचवीं कक्षा के ईवीएस की परीक्षा होगी।
{ कक्षा छठी में 17 मार्च को हिंदी, 18 को अंग्रेजी, 19 को संस्कृत, पंजाबी, उर्दू, 20 को साइंस, 21 को ड्राइंग-म्यूजिक (वोकल इंस्ट्रूमेंटल), होम साइंस, एग्रीकल्चर, 24 को सोशल साइंस व 25 को मैथ की परीक्षा होगी।
{ कक्षा सातवीं में 17 मार्च को अंग्रेजी, 18 को साइंस, 19 को मैथ, 20 को संस्कृत, पंजाबी, उर्दू, 21 को सोशल साइंस, 24 को हिंदी, 25 मार्च को ड्राइंग-म्यूजिक (वोकल इंस्ट्रूमेंटल), होम साइंस, एग्रीकल्चर की परीक्षा कराई जाएगी।
{ कक्षा आठवीं में पहले दिन 17 मार्च को मैथ, 18 को हिंदी, 19 को अंग्रेजी, 20 मार्च को सोशल साइंस, 21 मार्च को संस्कृत, पंजाबी-उर्दू, 24 मार्च को ड्राइंग-म्यूजिक(वोकल इंस्ट्रूमेंटल), होम साइंस, एग्रीकल्चर और 25 मार्च को साइंस की परीक्षा होगी।