पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Hisar
  • Hansi News Haryana News Five Car Riders Beat The Roadways Bus Driver Passengers Caught One The Rest Absconding Passengers Going To Delhi Stranded

पांच कार सवार लोगों ने रोडवेज बस चालक को पीटा, यात्रियों ने एक को पकड़ा, बाकी फरार, दिल्ली जाने वाले यात्री फंसे

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

सिरसा से दिल्ली जा रही हरियाणा रोडवेज की एक बस के चालक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। मारपीट करने वाले एक कार में सवार थे। मारपीट में घायल चालक रमेश कुमार को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया। चालक को बस सहित अस्पताल लाया गया। बस के सिविल अस्पताल में खड़े होने से यात्रियों को उतरना पड़ा। अस्पताल के बाहर हाईवे पर यात्रियों को दूसरी बस के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

रोडवेज के हांसी सब डिपो की बस सिरसा से दिल्ली के लिए छह बजे चली थी। रात 8.20 बजे बस हिसार निकली। बाइपास पर मिर्जापुर रोड पर एक कार ने बस को ओवरटेक किया। कार कई बार बस के सामने आई। कैंट पर बस के रुकते ही कार में सवार लोगों ने चालक की खिड़की खोली और उससे मारपीट शुरू कर दी। बस में सवार यात्री कुछ समझ पाते, इससे पहले कार सवारों ने चालक को नीचे घसीटने का प्रयास शुरू कर दिया। चालक के साथ मारपीट होते देख यात्री इकट्ठे हो गए। उन्होंने कार सवार लोगों को पकड़ने का प्रयास किया। एक को पकड़ लिया गया, जबकि चार अन्य कार में सवार होकर भागने में कामयाब हो गए। पकड़े गए व्यक्ति को बस से ही हांसी लाया गया। हांसी सिविल अस्पताल में पहुंचने के बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर पकड़े गए व्यक्ति को हिरासत में ले लिया और अपने साथ पुलिस स्टेशन में ले गई। रात दस बजे तक अनेक यात्री अस्पताल के बाहर खड़े होकर दूसरी बसों का इंजतार कर रहे थे, जिनमें महिलाएं भी थी।

किसी को बिठाना चाहते थे बस में

मारपीट के कारणों की पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी। मगर बस में सवार एक यात्री ने बताया कि कार में सवार लोग किसी को बस में बिठाना चाहते थे। बस स्टॉपेज न होने के कारण चालक ने कैंट से पहले बस नहीं रोकी। जिससे कार सवार गुस्सा गए। कार बिना नंबर की थी।

{यूनियन नेता पहुंच गए अस्पताल : घटना की जानकारी मिलने पर रोडवेज कर्मचारी यूनियन के नेता राजबीर बुडाना सिविल अस्पताल में पहुंचे और चालक का हालचाल जाना। उन्होंने बताया कि बस रमेश कुमार चला रहा था और परिचालक सुनील ड्यूटी पर था। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी ले रहे हैं।

पुलिस जैसी वर्दी में था एक आरोपी

घटना को अंजाम देने वालों में एक वर्दी में था। यह वर्दी पुलिस जैसी बताई गई। बाकी चार लोग सादे कपड़ों में थे। पकड़ा गया एक आरोपी सादे कपड़ों में था। यात्रियों के अनुसार मारपीट के दौरान शराब की बदबू आ रही थी, जिससे लग रहा था कि मारपीट करने वाले शराब पीए हुए थे।

सिविल अस्पताल में खड़ी रोडवेज के हांसी सब डिपो की बस।

सिविल अस्पताल के बाहर दूसरी बस का इंतजार करते यात्री।
खबरें और भी हैं...