गंगवा ने कई गांवों में चलाया जनसंपर्क अभियान
हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने के बाद किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में पहली बार हिसार आने पर 15 मार्च को मुख्यमंत्री मनोहर लाल का पिछड़ा वर्ग सम्मान सम्मेलन में लोग अभिनंदन करेंगे। गंगवा ने रविवार को क्षेत्र के कई गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा गांव बाडो पट्टी, खेड़ी बरकी, ढाणी गारण, ढाणी खान बहादुर, धिंगताना, बुगाना, धांसू, तलवंडी राणा व शिकारपुर आदि गांवों में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों के माध्यम से उनका समाधान भी करवाया। रणवीर गंगवा ने कहा कि इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री के समक्ष पिछड़ा वर्ग से संबंधित मांगें भी रखी जाएंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मेरिट आधार पर नौकरियां देने की नीति बनाई जिसका सबसे अधिक लाभ पिछड़ा वर्ग को हुआ है। इस अवसर पर पूर्व विधायक वेद नारंग, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, बरवाला मार्केट कमेटी चेयरमैन रणधीर सिंह धीरू, सरपंच मोनिका, राजेश कुमार, पूर्व सरपंच मांगेराम गुरी, ईश्वर मालवाल, फतेह सिंह नंबरदार, खेड़ी बर्की के सरपंच ईश्वर सिंह, डॉ. ओमप्रकाश राठी, डॉ. कृष्ण बागोरिया आदि मौजूद रहे।
जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते डिप्टी स्पीकर रणबीर सिंह गंगवा।