होली पर ड्रिंक एंड ड्राइव की जांच को लगेंगे विशेष नाके
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने कहा है कि होली रंगों का यह अनूठा भारतीय त्यौहार है, जो एकता और भाईचारे के बंधन को मजबूत करने का अवसर प्रदान करता है। होली का त्यौहार लोगों के जीवन में रंग भरने के साथ-साथ-सभी को समाज में सद्भाव से रहने के लिए प्रेरित करता है।
उन्होंने रंगों का त्यौहार मनाते समय दूसरों की भावनाओं का सम्मान करने और उनकी संवेदनशीलता को ठेस न पहुंचाने की अपील करते हुए कहा कि त्यौहार की आड़ में उपद्रव जैसी घटनाओं से दूर रहते हुए कानून को हाथ में लेने से बचें। त्यौहार पर बड़ी संख्या में शराब पीकर गाड़ी चलाने के कारण दुर्घटना के मामले सामने आते रहे हैं, जिससे आनंद और खुशी का यह दिन कई परिवारों के लिए त्रासदी में तब्दील हो जाता है। पुलिस ने होली के उत्सव के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पहले से ही पूरी तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों व चौकी इंचार्ज को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस को निर्देश दिये हैं कि वाहन चालकों द्वारा शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए एल्कोसेंसर का इस्तेमाल करे। होली समारोह के दौरान हिंसा और बर्बरता की संभावित घटनाओं पर भी पुलिस नजर रखेगी। उन्होंने निर्देश दिए है कि ड्रिंक एंड ड्राइव की जांच के लिए 24 घंटे विशेष नाके लगाएं। सादे कपड़ों में पुलिस कर्मचारी नियुक्त किये गए हैं।