आयकर विभाग के कर्मचारी नहीं जाएंगे सर्वे और रेड पर
अायकर विभाग के कर्मचारियाें ने फैसला लिया है कि जब तक उनकी मांगाें काे पूरा नहीं जाएगा, तब तक वे सर्वे अथवा रेड पर नहीं जाएंगे।
इस संबंध में आयकर कर्मचारी महासंघ उतर पश्चिमी सर्कल के संयुक्त सचिव सुरेश नांगरू ने बताया कि ज्वाइंट काऊंसलिंग ऑफ एक्शन नई दिल्ली के आह्वान पर बड़े अांदाेलन की शुरूअात की गई है। यह निर्णय केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड द्वारा कर्मचारियों की मांगों के प्रति अपनाए जा रहे टालमटोल रवैये के खिलाफ लिया है। गौरतलब है कि दिसम्बर 2019 से लगातार केंद्रीय प्रत्यक्ष बोर्ड दिल्ली के चेयरमैन के साथ इंकम टैक्स एंप्लाइज फैडरेशन व ज्वाइंट काउंंसलिंग ऑफ एक्शन मुख्यालय की कार्यकारिणी पत्राचार कर रही है, लेकिन बोर्ड के चेयरमैन के द्वारा सकारात्मक जवाब नहीं दिया गया।
ये हैं प्रमुख मांगें
कर्मचारियों की मुख्य मांगों में खाली पड़े रिक्त पदों को भरा जाना, न्यू रिक्रूटमेंट रुल्स को जल्द से जल्द बनाकर अधिसूचित किया जाना, असिस्टेंट कमिश्रर व डिप्टी कमिश्रर के पदों पर रेगुलर डीपीसी जल्द से जल्द की जाए, आयकर निरीक्षक व आयकर अधिकारी की वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए व पे स्केल सीबीआई व आईबी विभागों के समान बराबर किया जाए, ऑफिस के समय के पश्चात कार्य करने पर ओवरटाइम एलाउंस दिया जाए अाैर आयकर निरीक्षकों को लैपटॉप उपलब्ध करवाया जाना शामिल है।