चोर के धक्का मारने से घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत
राजथल में चोर द्वारा धक्का देने से घायल हुए बुजुर्ग की मौत हो गई। धक्का लगने से घायल होने पर उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में दाखिल कराया गया था। हालांकि अभी तक चोर का सुराग नहीं लगा है। राजथल में दिनदहाड़े 29 फरवरी को एक चोर 82 वर्षीय बुजुर्ग जागर सिंह मान के घर में घुस गया। नकदी और जेवरात लेकर घर से भाग रहा था। चोर ने दरवाजे में खड़े बुजुर्ग को धक्का देकर गिरा दिया। जिससे उनके सिर में गहरी चोट लग गई और कूल्हे की हड्डी भी टूट गई। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इलाज के दौरान घायल बुजुर्ग ने 9 मार्च को दम तोड़ दिया।
पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चोर की तस्वीर पूरी तरह से साफ दिख रही है। मगर 10 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस उस तक पहुंचने में नाकाम रही है। बुजुर्ग की मौत के बाद ग्रामीणों में काफी रोष है। लोगों ने बताया कि राजथल स्मैक की बिक्री के कारण बड़ी संख्या में युवक इस गांव में स्मैक खरीदने के लिए आते हैं। सरपंच डॉ. दलशेर मान ने कहा कि पुलिस प्रशासन को काफी बार अवगत करवाया जा चुका है। लेकिन पुलिस इस मामले में कार्रवाई करने में कोई रुचि नहीं दिखा रही। जल्दी इस मामले को लेकर गृह मंत्री अनिल विज से मुलाकात करेंगे। थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जिस युवक का सीसीटीवी फुटेज में चेहरा आया है। उसकी पहचान की जा रही है। जल्दी उसे पकड़ लिया जाएगा।