पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पूर्व सीएम आवास के समीप कोठी के बाहर कर रखी थी अफीम की खेती

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

सेक्टर-15 स्थित कोठी नंबर-102 के बाहर क्यारी में अफीम के पौधे लगाकर खेती करने की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने छापा मार दिया। यहां से 103 पौधों को उखाड़कर जब्त किया है। इनका वजन करीब 12 किलोग्राम है। बता दें कि यह दिवंगत पोकरमल की कोठी है, जहां उनके पुत्र, पुत्रवधू व अन्य परिजन रहते हैं।

पुलिस को छापामारी के दौरान कोठी में कोई नहीं मिला था। इसके चलते अज्ञात के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने जिस कोठी के बाहर से अफीम के पौधे जब्त किए हैं, उसकेे समीप पूर्व सीएम स्व. भजन लाल और वर्तमान में आदमपुर से विधायक कुलदीप बिश्नोई की कोठी है। यहां 24 घंटे गारद तैनात रहती है, जिसके बावजूद अफीम के पौधे उगा रखे थे। कोर्ट चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार ने बताया कि सेक्टर 15 में कोठी नंबर 102 के बाहर अफीम की खेती करने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम के साथ मौके पर पहुंचकर रेड मारी थी।

बाहर की तरफ क्यारी में फूलों के पौधों के बीच अफीम के पौधे लगा रखे थे। अफीम के पौधे पर लाल रंग का फूल और डोडा आया हुआ था। कोठी मालिक ने क्यारी के चारों तरफ तारबंदी की हुई थी। इसकी वीडियोग्राफी करवाने के बाद गिनती करने पर 103 पौधे मिले।

इन्हें जड़ के साथ उखाड़कर जब्त करके सील कर दिया। जिस कोठी के बाहर क्यारी बना रखी है वह दिवंगत पोकरमल की है, जिसके परिजन वहां रहते हैं। अभी पता लगा रहे हैं कि इस खेती के पीछे किसका हाथ है। बिना परमिट खेती करने के अपराध पर धारा 18, 61, 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।

खबरें और भी हैं...