एसपी से मिला पंडित, बोला- जांच से संतुष्ट नहीं, आप न्याय दिलाएं
कृष्णा नगर में 20 फरवरी की रात करीब साढ़े 9 बजे राकेश पंडित पर फायरिंग करने के मुख्य आरोपी इंद्रा काॅलोनी वासी रमन वाल्मीकि और संत नगर वासी तेजपाल सैनी गिरफ्तार हो चुके हैं लेकिन इनकी पूछताछ में पंडित पर फायरिंग की जो वजह सामने आई है उससे पीड़ित पक्ष संतुष्ट नहीं है।
सोमवार को राकेश पंडित अपने परिजनों और परिचितों के साथ एसपी गंगाराम पूनिया से मिला। बोला कि सर, मैं अभी तक की पुलिस जांच से संतुष्ट नहीं हूं। केस को दूसरी तरफ मोड़ा जा रहा है जिससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। एमसी और स्कूल संचालक की संलिप्तता को छुपाने का प्रयास हो रहा है। इसलिए मुझे न्याय दिलाया जाए। एसपी पूनिया ने आश्वासन दिया कि इस मामले की जांच चल रही है। कोई भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। किसी को नहीं बख्शेंगे। बता दें कि पंडित को प्रकरण के बाद सुरक्षा के लिए गनमैन भी मिला हुआ है। गौरतलब है कि पुलिस ने फायरिंग करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने पर खुलासा किया था कि गैंगस्टर विनोद काना और लॉरेंस बिश्नोई गुट में गैंगवार चल रही है।
पंडित पर फायरिंग की वजह आरोपी रमन के पूर्व में दोस्त रहे नीरज उर्फ नीरू का पक्ष लेने व उसके साथ रहना बताया है। अभी कुख्यात अपराधी हांसी वासी देवेंद्र चावला, अंबाला वासी टीनू उर्फ टोपी और इंद्रा कालोनी वासी दीपू की गिरफ्तारी बाकी है।
पंडित ने दिए थे सप्लीमेंट्री बयान
20 फरवरी को राकेश पंडित पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग हुई थी। पुलिस ने घटना के कुछ ही देर बाद निजी अस्पताल में दाखिल पंडित के बयान लेकर एमसी प्रीतम सैनी, स्कूल संचालक अनिल तनेजा सहित कई लोगों पर आरोप लगाया था। पुलिस ने केस भी दर्ज कर लिया था। इसके करीब 10 दिन बाद 1 मार्च को फिर से पंडित के बयान लिए थे। उनसे मांग की थी उक्त दोनों नामजद लोगों के कार्यालयों और अन्य ठिकानों पर लगे कैमरों को सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त करके जांच करने की मांग की थी। उसने शक जताया था कि उक्त नामजद लोग आरोपियों से मिले हुए हैं। एक दूसरे के संपर्क में आकर मुझे मारने की साजिश रची थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक कि जांच में एमसी और स्कूल संचालक की संलिप्तता नहीं होने बात कही है।
एसपी से मिलने पहुंचा राकेश पंडित