कोरोना को लेकर एहतियात, ब्राह्मण सभा की महाकुंभ यात्रा स्थगित
हिसार | भिवानी के हुडा ग्राउंड में 19 अप्रैल काे होने वाले ब्राह्मण कुंभ को लेकर संपर्क अभियान यात्रा को स्थगित कर दिया गया है। जिला ब्राह्मण सभा के प्रधान राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि वर्ल्ड रिकार्डधारी रंगकर्मी रोहित कौशिक संग यह यात्रा शुक्रवार को हिसार पहुंचीं थी। इसे जहाज पुल स्थित ब्राह्मण धर्मशाला से शनिवार को रवाना होना था। लेकिन विश्वभर में पांव पसार रही महामारी कोरोना को लेकर जारी हिदायतों का पालन करते हुए एवं स्वास्थ्य संबंधी सतर्कता बरतते हुए इसे फिलहाल आगामी आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। रोहित कौशिक ने भी लोगों को संदेश दिया कि कोरोना से भयभीत होने की जरूरत नहीं है, लेकिन इससे सतर्कता बरतनी जरूरी है। हाथ न मिलाने की जगह हाथ जोड़कर प्रणाम या नमस्ते करना, मुंह पर मॉस्क या कपड़ा ढांपना, भीड़-भाड़ वाले इलाकों में न जाना आदि तरीके अपनाकर शीघ्र ही इस पर काबू कर लिया जाएगा।