हांसी में सब्जी मंडी को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू पहले चरण में लाइसेंस वाले आढ़तियों से मांगे आवेदन
उमरा गेट के पास स्थित सब्जी मंडी को लघु सचिवालय के समीप करोड़ों रुपए की लागत से बनकर तैयार हुई नई सब्जी मंडी में शिफ्ट होने में प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मार्केट कमेटी द्वारा आढ़तियों को नोटिस देने शुरू किए गए हैं। शिफ्टिंग की प्रक्रिया बेशक शुरू हो गई है, मंडी को शिफ्ट होने में अभी समय लगेगा। मंडी के शिफ्ट होने में ढाई वर्ष का समय भी तब लगेगा, अगर सब कुछ नियमानुसार व बिना किसी विरोध के चलता रहा। अगर आढ़तियों, कारोबारियों द्वारा किसी बात का विरोध किया गया या फिर विभाग द्वारा ही कोई पेंच अड़ गया तो समय और भी बढ़ सकता है। नई सब्जी मंडी में आढ़तियों को दुकानें देने के लिए ड्रा अलॉटमेंट की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए पूरा शेड्यूल जारी किया गया है व सब्जी मंडी में सूचना चस्पा की गई है। ड्रा अलॉटमेंट के तहत सब्जी मंडी के पुराने आढ़तियों को आवेदन करने होंगे। इसके लिए वहां पर पहले से कारोबार कर रहे लाइसेंसी आढ़तियों को ड्रा फॉर्म भरने के लिए कहा गया है। फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 15 अप्रैल को आढ़तियों के फॉर्म की छंटनी होगी। 23 अप्रैल को योग्यता निर्धारित की जाएगी जिसके तहत आढ़ती ड्रा की प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। 30 अप्रैल को फॉर्म के आधार पर सही मिले आढ़तियों की लिस्ट जारी होगी। 8 मई को आढ़तियों द्वारा किसी तरह के ऑब्जेक्शन लिए जाएंगे। 13 मई को जो योग्य आढ़ती मिलेंगे, उनके लिए ऑर्डर जारी होंगे व वही ड्रा में भाग लेंगे। 29 मई को नई सब्जी मंडी के प्लॉट का ड्रा होगा। जिनका नाम ड्रा में आएगा उन्हें अलॉटमेंट मिलेंगी। वहीं वहां पर निर्माण कर सकेंगे। यहां प्राथमिकता उन्हें दी जाएगी जो उमरा गेट के समीप सब्जी मंडी में आढ़ती व मासाखोर बैठे हैं। उसके बाद दूसरे लोगों को अवसर मिलेगा।
नई सब्जी मंडी में 97 दुकानें बनाई जानी हैं। जिसमें से 37 दुकानें 20 गुणा 50 फुट की और 60 दुकानें 15 गुणा साढ़े 37 फुट की होंगी। उमरा गेट सब्जी मंडी में 71 लाइसेंसी आढ़ती अभी कारोबार कर रहे हैं। ऐसे में पहले उन्हें अलॉटमेंट मिलेगी। बाद में बची हुई दुकानों के लिए ऑक्शन होगी। इसके अलावा सब्जी मंडी के बीच में एक बड़ा कॉमन प्लेटफार्म व चार प्लेटफार्म बनाए गए हैं। इसके साथ ही मार्केटिंग बोर्ड का कार्यालय भी वहीं बनाया गया है। मंडी में 11 हाईमास्क लाइटों के पोल पर लाइटें लगाई गई हैं। वहीं किसान बाजार के लिए 30 बूथ तैयार किए जा रहे हैं। माशाखोरों को आठ बाई आठ की जगह मिलेगी। सब्जी मंडी में पहले चरण में दो करोड़ रुपये की लागत से चारदिवारी व अन्य कार्य हुए थे। अब साढ़े पांच करोड़ रुपये की लागत से पूरा निर्माण कार्य हुआ है। इस संबंध में मार्केट कमेटी के सचिव राहुल कुंडू ने कहा कि जो पुराने लाइसेंसी हैं, उनसे एप्लीकेशन मांगी है। 29 मई को ड्रा निकाला जाएगा। ड्रा के बाद अलॉटमेंट होगी। अलॉटमेंट के बाद 2 वर्ष का समय दुकान के निर्माण के लिए दिया जाएगा। दुकानें लाइसेंसी आढ़ती खुद ही बनाएंगे। इसके बाद शिफ्टिंग होगी। यहां के लिए रेट अभी तय नहीं हुआ है। रेट बाद में तय होगा।
ऐसे लगेगा ढाई वर्ष से अधिक समय
29 मई को पुराने लाइसेंसी आढ़तियों का ड्रा होगा। ड्रा में जिन आढ़तियों का नाम होगा, उन्हें अलॉटमेंट मिलेगी। अलॉटमेंट के लिए फाइल बोर्ड के पास भेजी जाएगी। वहां से मंजूरी मिलेगी। फिर आढ़ती को फीस जमा करवानी होगी। फिर विभाग अलॉटमेंट देगा। अलॉटमेंट मिलने के बाद आढ़ती को 2 वर्ष का समय दुकान के निर्माण के लिए दिया जाएगा। दुकान का निर्माण आढ़ती को खुद करवाना होगा। ऐसे में ढ़ाई वर्ष तो तब ही लगेंगे अगर सब ठीक से चला। इससे ज्यादा समय लगने का भी अनुमान है।
क्या होगा पुरानी सब्जी मंडी का
सब्जी मंडी इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की जमीन पर बनी है। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट परिषद में मर्ज हो चुका है। लेकिन यहां पर दुकानों की मलकियत आढ़तियों के नाम पर है। दुकानें तो आढ़तियों की ही रहेंगी। मंडी के शिफ्ट होने के बाद यहां पर नई मार्केट बन सकती है या फिर कुछ छोटी मोटी सब्जियों व फ्रुट की दुकानें भी खुल सकती हैं। परिषद के पास शहर की व्यवस्था सुधारने के लिए विकल्प तैयार हो जाएगा। आसपास में मार्केट है तो यहां पर पार्किंग या फिर रेहड़ियों के लिए जगह निश्चित की जा सकती है।
12 एकड़ में बनी है नई सब्जी मंडी
दिल्ली रोड़ पर लघु सचिवालय के समीप 12 एकड़ जमीन में बनी नई सब्जी मंडी पिछले 2 वर्षों से बनकर तैयार हो चुकी है। हरियाणा राज्य मार्केटिंग बोर्ड द्वारा सब्जी मंडी का निर्माण करवाया गया था। इसके तैयार होने के बाद फरवरी में 2018 में मार्केट कमेटी को हैंड ओवर कर दिया गया। नई सब्जी मंडी की नींव 30 जून 2012 को कांग्रेस सरकार के समय रखी गई थी। इसका काम दो चरण में हुआ है। दावा किया गया है कि यह सब्जी मंडी हाईटेक होगी।
नई सब्जी मंडी को लेकर चस्पा किए गए नोटिस।