रोडवेज कर्मी 15 मार्च को सीएम के कैंप ऑफिस का करेंगे घेराव : सैनी
हिसार | ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन की कार्यकारिणी बैठक बुधवार को यूनियन कार्यालय में डिपो प्रधान हरिप्रकाश की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन डिपो सचिव अरूण शर्मा ने किया। बैठक में हरियाणा रोडवेज ज्वाॅइंट एक्शन कमेटी के आह्वान पर 15 मार्च को करनाल में मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय के घेराव की तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रांतीय मुख्य सलाहकार रमेश सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा परिवहन विभाग में किलोमीटर स्कीम घोटाले में बस संचालकों की ब्लैक लिस्ट हो चुकी 510 बसों को ठेके पर लेने के विरोध में हरियाणा ज्वाॅइंट एक्शन कमेटी के आह्वान पर 15 मार्च को करनाल में मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय पर प्रस्तावित प्रदर्शन में हिसार डिपो के कर्मचारी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेंगे। इस अवसर पर बैठक में डिपो प्रधान हरिप्रकाश, सचिव अरूण शर्मा, महेंद्र माटा, जोगेंद्र बड़सी, राजेश चमारखेड़ा, सतीश गुरी मौजूद रहे।