बारिश में कमरे की छत ढही, बाल-बाल बचा परिवार
शहर के वार्ड 15 में बुधवार रात को हुई बरसात के कारण एक मकान के कमरे की छत गिर गई। गनीमत रही कि इस दौरान कमरे में कोई मौजूद नहीं था। परिवार के सभी सदस्य मकान के दूसरे हिस्से में खाना खा रहे थे।
मकान मालिक पवन कुमार ने बताया कि बुधवार शाम को तेज हवाओं के साथ अचानक शुरू हुई बरसात में उसके कमरे की छत अचानक ढह गई। इस दौरान हुए जोरदार धमाके की आवाज सुनकर वे उस ओर दौड़े। आसपास के लोग भी धमाका सुनकर वहां पहुंचे व परिवार के सदस्यों को संभाला। मकान मालिक पवन ने बताया कि उसके पास एक ही कमरा रहने लायक था वह भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ऐसे में पवन ने प्रशासन से मांग की है कि उसे सरकारी सहायता मुहैया करवाई जाए।
कमरे की गिरी हुई छत का मलबा।