टॉयलेट में मिली 2 माह की बच्ची के माता-पिता की तलाश, फुटेज जांची
पुलिस ने अग्रोहा में घर-घर पूछताछ की
हिसार | अग्रोहा धाम के महिला टॉयलेट में शनिवार को दो महीने की लावारिस बच्ची मिली थी। दूसरे दिन पुलिस बच्ची के माता-पिता की तलाश में लगी रही। जांच कर रही एएसआई कमला पूनिया ने बताया कि पुलिस ने बच्ची को सीडब्लूसी को सौंप दिया और अब बच्ची के माता-पिता को खोजना शुरू कर दिया है। पुलिस बच्ची के माता-पिता का पता लगाने के लिए अग्रोहा धाम में घूमने आए हुए श्रद्धालुओं व कर्मचारियों, दुकानदारों का सहारा ले रही है। अग्रोहा में भी पुलिस टीम ने कई घरों में जाकर पूछताछ की और मेडिकल कॉलेज की छुट्टी होने के कारण दो महीनों में पैदा होने वाली बेटियों का रिकाॅर्ड पुलिस नहीं ले पाई। सोमवार को पुलिस टीम मेडिकल कॉलेज अग्रोहा से रिकाॅर्ड लेकर जांच शुरू करेगी।
मैनेजर संदीप कुमार ने बताया कि बारिश के कारण अग्रोहा धाम के मेन गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में फाॅल्ट आ गया है। जिसके कारण बंद पड़े हैं और गुलमर्ग रेस्टोरेंट में दो कैमरे लगे हैं। पुलिस उनकी फुटेज खंगाल रही है।