एसपी ने क्राइम रोकने को समुदाय संपर्क समूह के साथ की बैठक
हांसी के पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने संगठन के सदस्यों से मांगा सहयोग
पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने समुदाय संपर्क समूह के प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग की। मीटिंग का उद्देश्य पुलिस और आम लोगों के बीच तालमेल बनाने, अपराध और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए सामूहिक रूप से कार्य करना रहा।
लोकेंद्र सिंह ने समुदाय संपर्क समूह के सदस्यों का आह्वान किया कि वह शहर के बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएं, ताकि कोई भी वारदात होने पर अपराधियों को तुरंत पहचान कर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा पुलिस अपराध रोकने के लिए पूरी तरह से सतर्क और सक्रिय है। इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि कोई अपराधी किसी तरह का अपराध न कर सके। उन्होंने कहा कि पुलिस को आप लोगों का और दुकानदारों से सहयोग मिलता है तो अपराध पर नियंत्रण करने में कोई मुश्किल नहीं आएगी। वह अपराध पर नियंत्रण के लिए कटिबद्ध हैं। ओमप्रकाश यादव, केएल ग्रोवर, प्रकाश बंसल, दरिया सिंह, बलवंत सिंह, राजेंद्र सरपंच, अशोक मित्तल, धर्म सिंह आदि मीटिंग में मौजूद थे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को सहयोग करने का विश्वास दिलाया।
समूह के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करते एसपी लोकेंद्र सिंह।