- Hindi News
- Local
- Haryana
- Hisar
- Hansi News Haryana News The Unipole Of The Nap On Which The Hoardings Are Illegally Is The Pole Unauthorized
नप के जिन यूनिपोल पर अवैध रूप से लगे होर्डिंग्स, वह पोल ही हैं अनाधिकृत
नगर परिषद के लगाए यूनिपोल पर सवालिया निशान बढ़ने लगे हैं। यूनिपोल पर परिषद की अनुमति के बिना पिछले दिन होर्डिंग्स लगा दिए गए। परिषद प्रशासन ने जांच कराने का फैसला किया। अब जानकारी में आया है कि खुद परिषद ने यह यूनिपोल बिना किसी अनुमति के लगाए हैं। लोक निर्माण विभाग ने परिषद को नोटिस जारी किया है।
परिषद द्वारा पिछले दिनों लगाए गए यह यूनिपोल दूसरे बार चर्चा में हैं। पहले इन यूनिपोल पर कुछ प्राइवेट इंस्टीट्यूट्स व स्कूलों ने बिना किसी परमिशन के होर्डिंग्स व फ्लैक्स लगवा दिए। परिषद द्वारा इन्हें नोटिस देने की बात कही गई। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। होर्डिंग्स, अभी तक लगे हुए हैं। अब परिषद की खुद की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। लोकनिर्माण विभाग द्वारा परिषद को नोटिस दिया गया है। कारण यह है कि परिषद द्वारा यूनिपोल शहर के अंदर से गुजरने वाले हाइवे पर लगाए गए हैं। इन्हें लगाने के लिए विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई। नोटिस में दिल्ली-हिसार रोड पर लगाए गए यूनिपोल को हटाने के लिए कहा गया। विभाग का कहना है कि उनकी सड़कों के किनारे जगह-जगह पर यह यूनिपोल लगाए गए हैं। यूनिपोल को लगाने के लिए कोई परमिशन नहीं ली गई। परिषद के अधिकारी अब इन्हें लेकर चर्चा कर रहे हैं कि क्या करना है। क्योंकि जो यूनिपोल लगवाए गए हैं वह भी लाखों रुपये की कीमत के हैं। परिषद को इनसे आमदनी बढ़ने की
उम्मीद थी।
अब इस पर विभाग के नोटिस के बाद पेंच फंस गया है। हाईवे पीडब्ल्यू के अधीन आता है। वहीं इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एसडीओ वजीर सिंह ने कहा कि नगर परिषद को नोटिस जारी किया है। परिषद से यूनिपोल लगाने को लेकर जवाब मांगा गया है।
शहर में 25 यूनिपोल लगाए गए हैं: महानगरों और बड़े शहरों की तर्ज पर यूनिपोल लगाए गए हैं। शहर को स्वच्छ सुंदर बनाने में सहयोग तो मिलेगा ही, साथ ही परिषद की आर्थिक हालात में भी सुधार हो सकेगा। परिषद ने पहली बार ऐसा प्रयोग किया है। पहली बार यूनिपोल लगाए गए हैं। यह यूनिपोल, पुराना कचहरी चौक, अंबेडकर चौक, बड़सी गेट, तिकोना पार्क सहित शहर के 25 मुख्य मार्गों व चौक चौराहों पर लगाए गए हैं। इन पर जल्दी ही होर्डिंग्स, फ्लैक्स लगाए जाएंगे। यह पोल लगाने के लिए हिसार की एक फर्म को टेंडर दिया गया। अनुमानित है कि 25 लाख रुपये के खर्च से यह तैयार होंगे।