कार में युवक लेकर जा रहा था नौ किलो चूरापोस्त, काबू
बरवाला| पुलिस की सीआईए टीम ने गांव बीड बबरान निवासी युवक सुनील को 9 किलो 300 ग्राम चूरा पोस्त के साथ काबू किया है। आरोपी वैगन आर कार में चूरा पोस्त रखकर बरवाला की तरफ आ रहा था। पुलिस ने आरोपी सुनील के खिलाफ एनडीपीएस के तहत केस दर्ज किया है।
एएसआई इंद्र सिंह गोदारा के बयान पर दर्ज किए गए केस में कहा गया है कि जब वे ढाणी गारण रोड के नजदीक गोशाला के पास मौजूद थे इस दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि बीड बबरान निवासी सुनील अपनी वैगनआर कार में नशीला पदार्थ लेकर बरवाला सप्लाई करने आ रहा है। पुलिस ने सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर दी। कुछ ही देर में हिसार की तरफ से एक वैगन आर कार आई। पुलिस ने कार को रुकवा लिया। कार चालक से जब उसके बारे में पुलिस ने पूछताछ की तो उसने अपनी पहचान बीड बबरान निवासी सुनील के तौर पर बताई। इस दौरान जब पुलिस कार की तलाशी लेने लगी तो कार चालक ने कहा कि वह मजिस्ट्रेट के समक्ष कार की तलाशी देगा। इस दौरान पुलिस ने बरवाला एसडीएम राजेश कुमार से संपर्क किया। एसडीएम ने इस पर पुलिस से कहा कि उनके पास तहसीलदार अनिल परुथि अभी पहुंच जाएंगे। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो चूरा पोस्त के 9 पैकेट मिले। वजन करवाने पर सभी पैकेट में 9 किलो 300 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ।