पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Hisar
  • Hansi News Haryana News Two Students Of Class 10 Caught In Hansi Before Exams Nine Stolen Bikes Recovered From Possession Paper Given In Police Custody

हांसी में परीक्षा से पहले पकड़े गए 10वीं के दो छात्र, कब्जे से चोरी की नौ बाइक बरामद, पुलिस कस्टडी में दिया पेपर

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाएं चल रही हैं। दसवीं में पढ़ने वाले दो छात्र परीक्षा से ठीक पहले बाइक चोरी में पकड़े गए। बाइक चोरी की ऐसी वारदातें की कि बड़े गिरोहों को मात दे दिया। चोरी की कुल 9 बाइक सहित पकड़े गए। जिनमें 2 इनफील्ड बुलेट और एक महंगी स्पोर्ट्स बाइक है। पुलिस ने पूछताछ कर बाइक चोरी की बड़ी वारदातें सुलझाईं और दोनों आरोपियों को परीक्षा केंद्र में ले जाकर परीक्षा दिलवाई। दोनों के साथ उनका एक तीसरा दोस्त भी पकड़ा गया है। वह पढ़ाई नहीं करता। फिलहाल तीनों को बाल संरक्षण अधिकारी की अभिरक्षा में छोड़ा। उन्हें शुक्रवार को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। तीनों आरोपियों को सदर पुलिस ने पकड़ा। पुलिस ने उनके परिवार के संरक्षण में अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पता लगा कि तीनों नाबालिग दोस्त हैं। तीनों ने दो बुलेट मोटरसाइकिल उमरा-सुल्तानपुर से, पांच मोटरसाइकिल हांसी से, एक मोटर साइकिल तोशाम से, एक मोटर साइकिल बवानीखेड़ा से चोरी करके अपने घर पर इकट्ठी कर रखी थी। वह मोटर साइकिलों को बेचने की फिराक में थे। सभी की नंबर प्लेट उतारी हुई थी। सदर थाना की एसएचओ पुष्पा देवी को मुखबिर ने सूचना दी की इन आरोपियों के घर पर मोटर साइकिलें बिना नंबर प्लेट की खड़ी हैं। सदर एसएचओ ने अपनी टीम के साथ दबिश दी। तीनों को उनके परिवार के सदस्यों के संरक्षण में लेकर उनके कब्जे से 9 मोटर साइकिल बरामद की। तीनों किशोरों से उनके परिवार के सदस्यों को साथ बैठाकर पूछताछ की गई। पकड़े गए तीन नाबालिग में से दो नाबालिग दसवीं कक्षा के छात्र हैं व सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। दोनों का गुरुवार को पेपर था। पुलिस की मौजूदगी में उन्होंने परीक्षा दी। एक नाबालिग के पिता नहीं हैं। अन्य दोनों नाबालिग के परिजन मजदूरी करते हैं। चोरी की बाइक तीनों के घरों से मिली हैं। बाइकों के नंबर प्लेट को उतार रखा था। परिजन बाइकों के बारे में पूछते तो बहाने लगा देते थे। कभी दोस्त की बाइक बताकर तो कभी किसी और की बाइक बताकर घर पर रखते थे। पूछताछ में पता लगा कि पिछले 7-8 महीनों से बाइक चोरी कर रहे थे।तीनों सिर्फ पैसे के लिए बाइकों को चोरी करते थे व उन्हें बेचना चाहते थे। बुलेट बाइक जो शोरूम से सवा लाख रुपए से अधिक कीमत की है, उस बाइक को यह 7 हजार रुपए में बेचने को तैयार थे। अन्य बाइक को 3-4 हजार रुपए की कीमत पर बेचने वाले थे। बेचने से पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक अन्य मामले में वाहन चोरी निरोधक दस्ता की टीम ने सिसाय पुल से चोरी की मोटर साइकिल खरीदने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान कुलाना निवासी राजेश उर्फ राजू के रूप में हुई। जिसके कब्जे से चोरी की सीडी डीलक्स बरामद की है। राजेश को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

खबरें और भी हैं...