होमगार्ड जवान के बैंक खाते से निकाले 15 हजार रुपए
शहर की ट्रैफिक पुलिस में कार्यरत होमगार्ड के जवान गांव हसनगढ़ निवासी सुरेंद्र के खाते से अज्ञात द्वारा साढे 15 हजार रुपए निकाले जाने का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत सुरेंद्र ने बैंक प्रबंधक व पुलिस को दे दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई आरंभ कर दी है। पुलिस को दी जानकारी में सुरेंद्र ने बताया कि वह शुक्रवार को बरवाला के पुराना बस अड्डे पर ड्यूटी कर रहा था। इस दौरान उसके मोबाइल पर एक मैसेज आया जिसमें उसके एसबीआई के बैंक खाते से अलग-अलग दो बार की ट्रांजक्शन में 15,500 रुपए निकाले जाने की जानकारी उसे मिली। सुरेंद्र ने बताया कि उसका खाता एसबीआई बैंक में है व जिस समय यह राशि निकाली गई उसका एटीएम कार्ड भी उसके पास ही मौजूद था।