यूनिवर्सिटी-कॉलेज के हॉस्टल खाली क्राउड मैनेजमेंट पर शुरू किया काम
{सिविल अस्पताल में संक्रमण से बचाव के लिए हो रही एनाउंसमेंट
कोरोना वायरस से बचाव एवं रोकथाम पर जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग शिक्षण संस्थानों, जन संगठनों और रेलवे ने अपने स्तर पर प्रबंध शुरू कर दिए हैं। तैयारियां बड़े स्तर पर की जा रही हैं। शनिवार को कई शिक्षण संस्थानों ने हॉस्टलर्स को घर भेज दिया। रेलवे ने स्टेशन पर दवा का छिड़काव करवाया और कर्मचारियों को भी हिदायतें दीं।
इधर सिविल अस्पताल में सीएमओ डॉ. रतना भारती ने डॉक्टर्स और स्टाफ नर्सों के साथ मीटिंग करके दिशा-निर्देश दिए और क्राउड मैनेजमेंट पर फोकस किया।
उन्होंने भीड़ बांटने पर ज्यादा ध्यान देने के लिए कहा है। बताया कि हमें क्राउड मैनेजमेंट पर ज्यादा काम करना होगा। भीड़ को जितना बांटेंंगे उतना संक्रमण फैलने का खतरा कम रहेगा। इसलिए ओपीडी में आने वाले मरीजों से अपील करें कि अपने साथ एक ही तीमारदार या अटेंडेंट को लाएं। इससे भीड़ कम होगी और जो स्वस्थ हैं वे संक्रमण से बचेंगे।
रेलवे स्टेशन पर अब सफाई कर्मियाें की मैनुअल हाजिरी लग रही, बायोमीट्रिक मशीन से परहेज
रेलवे स्टेशन पर सफाई कर्मियाें की उपस्थिति बायोमीट्रिक के बजाए मैनुअल कर दी गई है। ताकि बायोमीट्रिक मशीन के जरिए एक दूसरे के संपर्क में लाेग कम आएं और सुरक्षित रहें। इसके अलावा सभी काे सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने के भी निर्देश दिए गए हंै। स्टेशन अधीक्षक केएल चाैधरी ने बताया कि स्टेशन पर 160 से अधिक सफाई कर्मचारी तैनात है।
{ट्रेनाें में कीटनाशक दवाई का भी कराया जा रहा छिड़काव : काेराेना वायरस से बचाव काे लेकर रेलवे विभाग ने ट्रेनाें में कीटनाशक दवाई का छिड़काव कराना भी शुरू कर दिया है। इसके अलावा सफाई कर्मचारियाें काे प्रतिदिन सफाई करने के भी निर्देश दिए गए हंै। अधिकारियाें ने कहा कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाशत नहीं की जाएगी।
आशंका पर हेल्पलाइन नंबर पर ले सकते हैं सलाह
खांसी, जुकाम, बुखार की दिक्कत है या फिर कोरोना वायरस संबंधित जानकारी चाहते हैं तो जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 70278-30252 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा सिविल अस्पताल आकर फ्लू क्लीनिक में स्वास्थ्य जांच करवाकर डॉक्टर की सलाह अनुसार दवा का सेवन कर सकते हैं।
हड़ताल और बैठक स्थगित
आशा वर्कर्स भी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने की तैयारी कर रहीं थी लेकिन स्वास्थ्य मुख्यालय के मांगों के समाधान और कोरोना वायरस के महामारी घोषित होने पर बचाव एवं रोकथाम में व्यस्तता के चलते हड़ताल को स्थगित कर दिया गया। वहीं, 17 मार्च को कष्ट निवारण कमेटी की बैठक होनी थी। इसे भी स्थगित कर दिया है।
मथुरा से लौटे युवक को वार्ड में किया दाखिल
जिले के एक गांव का रहने वाला युवक मथुरा घूमने गया था। मार्च के पहले सप्ताह में वह लौटकर आया था। इसके बाद से उसकी तबीयत बिगड़ी थी। ज्यादा हालत बिगड़ी तो उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा। उसे नये आइसोलेशन वार्ड में दाखिल किया था, जहां से प्राइवेट वार्ड में दाखिल कर सैंपल लिए गए हैं।
{अन्य जगहों पर अभियान की जरूरत
कोरोना वायरस से डरो ना
काेराेना वायरस से बचाव के लिए रेलवे स्टेशन पर दवाई का छिड़काव करते रेलवे कर्मचारी।