कोरोना की जानकारी लेने आया युवक सोशल मीडिया पर फैला दिया संदिग्ध
सिविल अस्पताल में एक युवक कोरोना वायरस के बारे में जानकारी लेने आया। अस्पताल में मौजूद किसी को यह जानकारी मिली। देखते ही देखते अफवाह फैल गई कि शहर के सिविल अस्पताल में कोरोना वायरस से पीड़ित एक युवक आया है। सोशल मीडिया पर ग्रुप्स में यह मैसेज धड़ाधड़ फॉरवर्ड होने लगा। आखिरकार शाम को स्पष्ट हुआ कि यह युवक पीड़ित नहीं, बल्कि जानकारी लेने आया था। कोरोना वायरस को लेकर अब तक कोई संदिग्ध नहीं मिला। न ही सिविल अस्पताल में इस तरह के मरीज की कोई जानकारी आई। न ही ऐसा कोई संदिग्ध मरीज सिविल अस्पताल में पहुंचा।
मैसेज को सोशल मीडिया पर कई ग्रुप में फॉरवर्ड किया गया। संदिग्ध को रूप नगर कॉलोनी का बताया गया। लेकिन ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला। रविवार को एक खांसी जुकाम से पीड़ित अस्पताल में जरूर आया था।
युवक ने चिकित्सकों से कोरोना वायरस के संबंधित जानकारी ली। चिकित्सक ने भी उसकी पूरी हिस्ट्री जानी। युवक पिछले दिनों कहीं बाहर नहीं गया। उसे केवल खांसी व जुकाम था। चिकित्सकों ने मरीज को सोमवार को आने के लिए कहा। व्यक्ति पास के ही एक गांव का था। व्यक्ति ने चिकित्सकों को कहा कि वह कोरोना वायरस के लक्षण के बारे में पूछने आया था व उसके संबंध में जानकारी लेने आया था।
अस्पताल में बनाया आइसोलेशन वार्ड
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिविल अस्पताल में कोरोना वायरस से संबंधित मरीजों को लिए आइसोलेशन वार्ड बनाया है। वार्ड प्रथम तल पर बनाया गया है। हालांकि सिविल अस्पताल में कोरोना वायरस के प्राथमिक उपचार के लिए कोई फिजिशियन नहीं है।
ऐसी कोई जानकारी नहीं : आरएमओ
हमारे पास ऐसे किसी संदिग्ध की कोई जानकारी नहीं है। न ही ऐसी कोई सूचना विभाग की तरफ से मिली है। अगर ऐसा कोई संदिग्ध होगा तो हमारे पास जानकारी आएगी। हमने सिविल अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड बनाया है। ऐसे मरीजों की जांच के लिए सैंपल हिसार से दिल्ली लैब में भेजे जाएंगे।\\\'\\\' -डॉ. राहुल बुद्धिराजा, प्रवर चिकित्सा अधिकारी।