पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
सिरसा. सिरसा में सीआईए स्टाफ ने 2 युवकों को 500 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पता चला है कि हरियाणा-पंजाब के सरहदी इलाके में सप्लाई करने के लिए ये लोग दिल्ली से सस्ती कीमत पर लेकर आए थे, लेकिन इससे पहले ही धरे गए। इनमें से एक के खिलाफ पंजाब के लंबी में भी तस्करी का केस दर्ज है। वहीं पूछताछ में एक और व्यक्ति का नाम सामने आया तो पुलिस ने तीनों के खिलाफ थाना डिंग में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है।
पकड़े गए युवकों की पहचान रमनदीप सिंह उर्फ सोना निवासी साहुवाला प्रथम व प्रगट उर्फ काका निवासी रघुआना के रूप में हुई है। सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार को गुप्त सूचना मिली कि दो हेरोइन तस्कर दिल्ली से हेरोइन लेकर सिरसा की तरफ आ रहे हैं। सीआईए प्रभारी ने सीआईए स्टाफ के उप निरीक्षक सुधीर कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित कर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू करवाई।
इसी दौरान फतेहाबाद की तरफ से आ रही आई-20 कार को रोकने का इशारा किया तो कार में सवार दो नौजवान युवकों ने पुलिस पार्टी को देखकर कार को वापस मोड़कर भागने की कोशिश की तो शक की बिनाह पर उक्त कार सवार युवकों को काबू करके उनकी तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि हेरोइन दिल्ली में जाकर नाइजीरियन से लेकर आए थे। इसे ओढ़ा, कालांवाली व पंजाब क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। गिरफ्तार किए गए आरोपी प्रगट सिंह के खिलाफ पंजाब के थाना लंबी जिला मुक्तसर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज है। एसपी डॉ. अरुण नेहरा ने बताया कि पूछताछ में एक और व्यक्ति का नाम सामने आया है। तीनों लोगों के खिलफ केस दर्ज करके सप्लायर की तलाश शुरू कर दी गई है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.