पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पानीपत. अपने बयानों व ट्वीट से सुर्खियों में रहने वाले हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर कोरोनावायरस को लेकर ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने लिखा है- शाकाहारी बनो, तरह - तरह के जीव जंतु खाकर कोरोना जैसे वायरस पैदाकर मानव जाति के लिए खतरा पैदा न करो। हरियाणा में अभी तक कोरोना का एक पॉजिटिव मरीज गुरुग्राम में मिला है। इसके बाद एहतियात के तौर पर राज्य सरकार ने कोरोना को महामारी घोषित कर दिया था।
दरअसल, कोरोनावायरस के शुरुआती मरीज चीन के वुहान शहर से मिले थे। ऐसा कहा जाता है कि यहां एक मीट मार्केट थी, जिससे यह वायरस इंसानों में आया है। हालांकि, इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है। माना जा रहा है कि इसी के चलते विज ने मांसाहार खाने वालों को नसीहत दी है।
फतेहाबाद में संदिग्ध मरीज मिला
शुक्रवार को फतेहाबाद में एक कोरोना का संदिग्ध डेढ़ वर्षीय बच्चा मिला है, जो परिवार के साथ इटली से लौटा है। इटली से लौटे 11 लोगों की सूची स्वास्थ्य विभाग को मुहैया करवाई गई थी। विभाग ने उनके पते पर जाकर जब जांच की तो 10 लोग सहीं मिले जबकि एक डेढ़ वर्षीय बच्चा खांसी-जुकाम से ग्रस्त मिला। इसके चलते उसे आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है।
कोरोना को महामारी घोषित किया गया
हरियाणा सरकार ने कोरोनावायरस को लेकर एहतियाती कदम उठाते हुए कोरोनावायरस को महामारी घोषित कर दिया है। हर जिले के सरकारी अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। सरकार ने रैलियों, धार्मिक आयोजनों, खेल आयोजनों व भीड़भाड़ वाली जगह पर कम से कम जाने की अपील की है।
यूनिवर्सिटी, कॉलेज और पांच जिलों के स्कूलों में 31 मार्च तक छुट्टी घोषित
हरियाणा सरकार ने कोरोनावायरस के चलते रोहतक, सोनीपत, झज्जर, फरीदाबाद और गुरुग्राम के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में 31 मार्च तक छुट्टी की घोषणा की है। हायर एजुकेशन विभाग व शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी स्कूलों, कॉलेजों व यूनिवर्सिटी में पत्र जारी कर दिया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.