पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
टीम हरियाणा. नकल के आगे पूरा सिस्टम नतमस्तक है, क्योंकि गुरुवार को हरियाणा बोर्ड का लगातार सातवां पेपर भी परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट में ही वायरल हो गया। यह दसवीं का अंग्रेजी का पेपर था, लिहाजा हर जिले में बेरोक-टोक नकल का अभियान जैसा चलता दिखा। कहीं स्कूल की पूरी बाउंड्री नकल कराने वालों से अटी दिखी तो कहीं मोबाइल से स्टूडेंट पेपर साल्व करते दिखे।
इस पर बोर्ड के चेयरमैन डॉ जगबीर सिंह ने कहा कि हम पूरी कोशिश कर रहे हैं, पर टीचर ही नकल करा रहे हैं तो क्या करें, जबकि शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर का कहना है कि हम काफी सख्त हैं। फिर भी वाट्सएप से पेपर बाहर आ रहे हैं, पक्का इलाज अगली बार करेंगे। अब अलगे 18 दिनों में 20 पेपर और होने हैं। यह जिम्मेदारी लेने वाला कोई नहीं है कि आगे के पेपर वायरल नहीं होंगे।
पहले दिन से लेकर अब तक सभी पेपर परीक्षा शुरू होते ही कुछ देर में फोन पर बाहर आते हैं। इसी के आधार पर नकल चलती रहती है। बोर्ड का यह तर्क नकल में मददगार: बोर्ड का तर्क है कि परीक्षा शुरू होने के बाद पेपर वायरल होता है तो उसमें हम कुछ नहीं कर सकते। परीक्षा शुरू होने से पहले पेपर बाहर आता है तो उसे लीक मानकर पेपर रद्द किया जाता है।
रोल नंबर के साथ वायरल हो गया पेपर
गुरुवार को दोपहर 12:30 बजे 10वीं का अंग्रेजी का पेपर शुरू हुआ। 12:45 बजे पानीपत के इसराना तो चरखीदादरी में छात्रा के रोल नंबर सहित पेपर वायरल हो गया। नकल के 401 मामले दर्ज भी किए गए। 15 सुपरवाइजर ड्यूटी से रिलीव किए गए। 4 केंद्रों की परीक्षा रद्द की गई है। 2 ऐसे लोगों पर केस दर्ज किया गया है जो दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे थे। गुरुवार को 12 मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। अब तक कुल 1683 केस दर्ज किए जा चुके हैं।
एक्सपर्ट ने सुझाए नकल रोकने के दो तरीके -दिलबाग सिंह, पूर्व वाइस चेयरमैन, हरियाणा शिक्षा बोर्ड।
जब बाड ही खेती को खाने लगे ताे क्या कहा जाए: बोर्ड चेयरमैन
बोर्ड चेयरमैन डॉ जगबीर सिंह- बोर्ड पूरा प्रयास कर रहा है। जब बाड ही खेती खाने लगे ताे क्या कहा जा सकता है। आज ही हमने महेंद्रगढ़ में 9 मोबाइल समेत 12 सेल फोन जब्त कर पुलिस को सौंपे गए हैं। पुलिस पता करेगी कि पेपर आउट करने वाले कौन हैं। जबकि होना ये चाहिए... 20 पेपर अभी और होने हैं। इनमें नकल रोकने के लिए तालमेल के साथ काम करके उदाहरण पेश करने की जरूरत है।
किसी ने खिड़की से फोटो खींचकर वायरल किया: शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर- यह पेपर आउट नहीं हुआ है। किसी ने खिड़की से मोबाइल से फोटो खींचा और सोशल मीडिया पर वायरल किया है। हम सख्ती कर रहे हैं। आगे से सुझाव मांग कर ठोस प्लानिंग की जाएगी। जबकि होना ये चाहिए... नकल में संलिप्त पाए गए शिक्षकों पर कठोर कार्रवाई कर तत्काल प्रभाव से नकल को रोका जा सकता है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.