पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

भाजपा के दोनों उम्मीदवारों ने भरा नामांकन, दीपेंद्र हुड्डा के नामांकन पर नहीं पहुंची कुमारी सैलजा

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सीएम व अन्य नेताओं की मौजूदगी में नामांकन करते हुए दुष्यंत गौतम। - Dainik Bhaskar
सीएम व अन्य नेताओं की मौजूदगी में नामांकन करते हुए दुष्यंत गौतम।
  • भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के विधायक रहेंगे नामांकन के वक्त मौजूद
  • दो सीटों पर आम चुनाव और एक सीट पर होना है उपचुनाव

पानीपत। हरियाणा में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए होने जा रहे चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन शुक्रवार को भाजपा के दो उम्मीदवारों ने नामांकन कर दिया। हरियाणा पिछड़ा वर्ग विकास निगम के चेयरमैन रामचंद्र जांगड़ा ने सामान्य सीट पर जबकि भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुष्यंत गौतम ने उपचुनाव की सीट पर नामांकन किया है। वहीं कांग्रेस ने कुमारी सैलजा की टिकट काटते हुए दीपेंद्र हुड्डा को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने भी अपना नामांकन कर दिया। 

कांग्रेस और भाजपा दोनों ने नामांकन के दौरान अपने-अपने विधायक बुलाए
कांग्रेस और भाजपा ने नामांकन के दौरान अपने-अपने विधायकों को चंडीगढ़ बुलाया। भाजपा उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान सीएम मनोहर लाल खट्टर, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, मंत्री अनिल विज समेत लगभग सभी विधायक मौजूद रहे। वहीं कांग्रेस ने भी सभी विधायकों को चंडीगढ़ बुलाया था। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर सभी विधायक मौजूद रहे। नामांकन के दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक गीता भुक्कल, विधायक राव दान सिंह व अन्य कांग्रेस विधायक मौजूद रहे। दोनों पार्टियों ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया।

टिकट कटने से नाराज है सैलजा, नामांकन के वक्त नहीं होगी मौजूद
सूत्रों के हवाले से खबर आ रही है कि टिकट कटने के बाद कुमारी सैलजा नाराज हैं। कांग्रेस ने नामांकन के दौरान सभी विधायकों को चंडीगढ़ आमंत्रित किया। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा नहीं पहुंची। कुमारी सैलजा राज्यसभा सीट की प्रबल दावेदार थी। लेकिन भूपेंद्र हुड्डा ने उनका टिकट कटवाते हुए जाट कार्ड खेला और लोकसभा चुनाव हारे अपने बेटे दीपेंद्र हुड्डा को राज्यसभा भेजने का फैसला लिया। इस संबंध में उन्होंने कांग्रेस आलाकमान को भी मना लिया। 

सीएम बोले उनके उम्मीदवारों का राज्यसभा जाना तय
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने नामांकन के बाद कहा कि राज्यसभा के उपचुनाव के लिए दुष्यंत गौतम व सामान्य चुनाव के लिए रामचंद्र जांगड़ा ने नामांकन किया है। दोनों का राज्यसभा में जाना तय हो गया है।

सैलजा, रामकुमार कश्यप और बीरेंद्र सिंह की सीट पर हो रहा है चुनाव
बता दें कि कांग्रेस की कुमारी सैलजा और इनेलो के रामकुमार कश्यप की सीट खाली होने पर राज्यसभा का सामान्य चुनाव हो रहा है जबकि भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के इस्तीफे के बाद एक सीट खाली होने पर उपचुनाव हो रहा है।