खुशी के लिए किसी का इंतजार न करो बल्कि सदा खुश रहने का अपना इंतजाम करो : भारत
ब्रह्माकुमारीज की अाेर से एल्डिको स्थित देव मंदिर में माइंड मैनेजमेंट एंड मेडिटेशन विषय पर 3 दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। ज्ञान मानसरोवर निदेशक राजयोगी भारत भूषण, सर्कल इंचार्ज राजयोगिनी सरला, समाजसेवी प्रशांत मित्तल, राकेश गर्ग व बीके कविता ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
भारत भूषण ने कहा कि खुशी हमारा अपना खजाना है, अगर हम चाहें तो सदा खुश रह सकते हैं, बशर्ते अपना खुशी का रिमोट किसी दूसरे को नहीं देना। उन्होंने कहा ऐसा सोचना गलत होगा कि फलाना व्यक्ति बदल जाए या फिर ये जो परिस्थिति आज चल रही है ये चली जाए तो मैं खुश हो सकता हूं। खुशी के लिए किसी का इंतजार नही करो बल्कि सदा खुश रहने का अपना इंतजाम करो। उन्हाेंने कहा कि हमें यह चेक करना है किन-किन बातों में हमारी खुशी गायब होती है। खुशी तो हमारा बहुमूल्य खजाना है। बातें तो सारी उम्र आएंगी, समस्याएं तो आती ही रहेंगी, लेकिन उनके चलते हमारी खुशी न चली जाए यह ध्यान रखना है।
बीके सरला ने कहा कि छोटी-छोटी बातों में दुखी रहने का संस्कार मनुष्य ने खुद ही बनाया है, तो सदा खुश रहने का संस्कार भी हम स्वयं बना सकते हैं। राकेश गर्ग ने कहा कि जीवन मे लाभ-हानि, सफलता-असफलता तो चलते रहेंगे, लेकिन हर हालत में हमें खुश रहना है। इस माैके पर बीके संदीप, कुमारी शिवि, पीसी मित्तल, बीके हरीश, बीके अनिता, बीके रितिका, गुलशन अरोड़ा, बीके राजेश, सुरेश, सुनीता, बीके कविता माैजूद रहीं।
एल्डिको के देव मंदिर में लगाया माइंड मैनेजमेंट एंड मेडिटेशन विषय पर 3 दिवसीय शिविर
पानीपत. ब्रह्माकुमारीज की अाेर से एल्डिको स्थित देव मंदिर में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए।