- Hindi News
- Local
- Haryana
- Panipat
- Panipat News Haryana News Gold Crosses 44 Thousand Rupees For The First Time This Year Has Become Expensive By 5 Thousand Rupees Jewelers Said Jewelery Business Decreased By 80
सोना पहली बार साढ़े 44 हजार के पार, इस साल 5 हजार रुपए महंगा हुआ, ज्वेलर्स बोले- आभूषणों का कारोबार 80% तक घटा
दुनियाभर में कोरोना वायरस की दहशत के बीच वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर असमंजस के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की उड़ान जारी है। लेकिन ज्वेलर्स के मुताबिक आभूषणों का कारोबार 80% तक घटकर 20 प्रतिशत रह गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतों में उछाल और डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होने से जिले में स्टैंडर्ड सोना साढ़े 44 हजार के पार हाे गया है। पिछले तीन दिन से साेना 44 हजार से ऊपर ही है। ताे वहीं रविवार काे 44720 रुपए तक पहुंच गया। वहीं जेवराती साेना साढ़े 42 हजार रुपए तक है। यह सोने का सर्वोच्च स्तर है।
इस सप्ताह शुद्ध सोना 2,440 तथा जेवराती सोना 2,100 रुपए महंगा हुआ है। चांदी भी 750 रुपए चमक कर 48150 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। सोना करीब 5 हजार रुपए महंगा हो चुका है। एक जनवरी को जिले में शुद्ध सोना साढ़े 39 हजार रुपए था।
दाम बढ़ने से पुराना सोना बेचने वाले बढ़े
सर्राफा एसाेसिएशन के प्रधान राजेश सूरी के मुताबिक जिले में ज्वेलर्स की करीब 280 शाॅप हैं। कीमतों में लगातार तेजी से सोने के आभूषणों का कारोबार 80 प्रतिशत घटकर 20 फीसदी रह गया है। वहीं, कुछ लोग ऊंची कीमतों का फायदा उठाने के लिए पुराना सोना बेचने आ रहे हैं। दो साल पहले जीएसटी लागू होने से पहले जिले में हर दिन करीब 4 से 5 कराेड़ का काराेबार हाेता था। लेकिन अब 70-80 लाख रुपए तक रह गया है। ऐसा भी सुनने में आ रहा है कि कोरोना वायरस के असर से सोना 50,000 रुपए प्रति दस ग्राम तक पहुंचने की संभावना बनी हुई है।
पिछले तीन दिन के रेट
साेना शुक्रवार शनिवार रविवार
साेना स्टैंडर्ड 44590 44410 44720
जेवराती 42450 42320 42560
बड़ा कारण - कोरोना: कोरोना वायरस से दुनियाभर की अर्थव्यवस्था पर असर को लेकर असमंजस से निवेशक बेहतर व सुरक्षित रिटर्न के लिए सोना खरीद रहे हैं। कोरोना से ऑटोमोबाइल सेक्टर में और गिरावट की आशंका के बीच यूरोपीय देशों में कारखानों को सप्ताह में चार दिन चलाने की खबरों से दुनियाभर के शेयर बाजार में बिकवाली हावी है।