इसराना में डिप्टी सीएम की रैली में जेब से 10 हजार रुपए निकालते हुए एक पकड़ा
इसराना | शुक्रवार को इसराना में हुई डिप्टी सीएम की रैली में आए एक समर्थक की जेब से 10 हजार रुपए निकालते हुए युवक को रंगे हाथों पकड़ने का मामला सामने आया है। जयभगवान पुत्र बलबीर वासी खेड़ी जालब हिसार ने बताया कि शुक्रवार को इसराना की नई अनाज मंडी में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की रैली में आया था। जब रैली में खड़े हो कर दुष्यंत चौटाला का भाषण सुन रहा था तभी विजय राम पुत्र गजराज ने मेरी जेब से 10 हजार रुपए निकाल लिए। वह इन पैसों को किसी दूसरे साथी की जेब मे डालने जा रहा था। तभी उसे रंगे हाथों पैसों समेत पकड़ लिया। इसकी शिकायत इसराना पुलिस को देकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की रैली स्थल पर जेब से पैसे निकलते एक युवक को पकड़ा गया था। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया था। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।