नारी और पुरुष को अपने अहम को दूर कर एक दूसरे का सम्मान करना चाहिए : अंजू भाटिया
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस एवं पोषण पखवाड़े के तहत आर्य काॅलेज में आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी अंजू भाटिया ने कहा कि महिलाएं अपने आत्म सम्मान की रक्षा के लिए आगे आएं।
पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलें। अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें, किसी भी गलत बात के लिए न झुकें। यदि हम लड़के और लड़कियों के भेद को मिटाकर उन्हें अच्छे संस्कार व अच्छी शिक्षा देंगे तो अच्छे भविष्य का निर्माण समाज और देश के लिए किया जा सकेगा। नारी और पुरुष को अपने अहम को दूर कर एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। विधायक महीपाल ढांडा ने कहा कि महिलाएं अब केवल कागजों में नहीं, बल्कि धरातल पर आगे बढ़कर हर क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। पोषण अभियान को भी आगे ले जाना होगा ताकि कुपोषण से छुटकारा पाया जा सके। हमें प्रदेश के साथ-साथ अपने पानीपत जिला को भी एनिमिया मुक्त बनाना होगा। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सीएम मनोहर लाल ने सभी जिलों को भी संबोधित किया। पोषण पखवाड़े के तहत कुपोषण मुक्त हरियाणा बनाने के लिए शपथ भी दिलवाई। कार्यक्रम में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माॅडल टाउन की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी। डीएसपी सतीश वत्स ने महिलाओं को दुर्गा शक्ति ऐप डाउन लोड करवाई। महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न सुपरवाइजरों के साथ-साथ महिला खिलाडिय़ों को भी प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इस माैके पर मेयर अवनीत काैर, एसडीएम दलबीर सिंह माैजूद रहे।
पानीपत. बच्चों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।