पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
गन्नौर/इसराना/चरखीदादरी. हरियाणा बोर्ड की परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट में ही शुक्रवार को भी पेपर वायरल हो गया। यह लगातार आठवां पेपर है, जो इसराना और गन्नौर में सोशल मीडिया पर आ गया। यह पेपर सीनियर सेकेंडरी का फिजिकल एजुकेशन का था, जिसे आसान माना जाता है। बावजूद इसके जमकर नकल चली। गन्नौर में तो एक परीक्षा केंद्र पर चुतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी ने केंद्र के अंदर से पेपर के फोटो मोबाइल में खींचकर बाहर भेजने तक का दावा किया।
उनके यह इसलिए आसान सा काम है, क्योंकि वो परीक्षा में कहीं भी घूम सकती हैं। इसीलिए नकल कराने वालों के हौंसले बुलंद हैं। बोर्ड पता नहीं लगा पा रहा है कि सभी पेपर वायरल कहां से हो रहे हैं। वहीं, अकेले सोनीपत में 23 केस नकल के पकड़े गए। इनमें सोनीपत में 13, गन्नौर में 1, गोहाना में 5, खरखोदा में 4 केस बने हैं। प्रदेशभर नकल के 154 मामले दर्ज किए व ड्यूटी में कोताही बरतने पर सात सुपरवाइजर, दो लिपिक व एक केंद्र अधीक्षक को ड्यूटी से रिलीव किया गया।
कई ग्रुपों में वायरल तस्वीर
12वीं का फिजिकल एजुकेशन का पेपर परीक्षा शुरू होते ही वायरल हो गया। परीक्षार्थी के पास बी और सी दो सेट पेपर दिख रहे हैं। फोटो में छात्र का एडमिट कार्ड दिख रहा है, जिस पर एमडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल इसराना, रोल नंबर और उसका नाम दिख रहा है। परीक्षा केंद्र गर्ल्स सीनियर सेकंडरी स्कूल, इसराना भी लिखा है। बड़ी कार्रवाई के लिए इससे बड़ा सबूत क्या चाहिए। मोबाइल से केंद्र के अंदर की ली गई यह तस्वीर कई ग्रुपों में वायरल हुई।
सीएम फ्लाइंग हुई सक्रिय, पेपर लीक करने वाला टीचर काबू... लगातार सामने आ रहे नकल और पेपर वायरल के खुलासों के बाद सक्रिय हुई सीएम फ्लाइंग ने चरखी दादरी से एक टीचर को काबू किया है, जिस पर गुरुवार को पेपर वायरल करने का आरोप है। शुक्रवार को नकल के कुल 154 मामले दर्ज किए गए। ड्यूटी से कोताही बरतने पर 7 सुपरवाइजर, 2 लिपिक और 1 केंद्र अधीक्षक को ड्यूटी से रिलीव किया गया। 2 केंद्रों की परीक्षा रद्द की गई और 1 केन्द्र शिफ्ट किया गया है।
सिर्फ 5 मिनट में बन रहेे फर्जी आधार कार्ड, कीमत 500 रु.
हिसार में फोटोस्टेट की कई दुकानाें पर फर्जी आधार कार्ड बनाने का खेल चल रहा है। परीक्षार्थियों के आधार कार्ड से छेड़छाड़ करने के बाद मात्र 200 से 500 रुपये में दूसरे का फाेटाे लगाकर मात्र पांच मिनट में फर्जी आधार कार्ड थमाया जा रहा है। फर्जी आधार कार्ड बनवाकर गुरुवार को हरियाणा शिक्षा बाेर्ड की दसवीं के अंग्रेजी का पेपर देते पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों ने भी फोटोस्टेट की दुकानाें के बारे में खुलासा किया था। आरोपियों के खुलासे के बाद दाे दिन तक भास्कर के दो रिपोर्टर्स ने शहर की फोटोस्टेट की 11 दुकानाें पर दो दिन तक स्टिंग किया। तीन दुकानाें पर 200 से 500 रुपये में फर्जी आधार कार्ड बनते मिले। यही नहीं एक दुकान पर तो लाइन लगी हुई थी।
जींद : दूसरे की जगह परीक्षा देते 3 पकड़े
जींद में बारहवीं की फिजिकल की परीक्षा में शुक्रवार को सीएम फ्लाइंग ने 4 स्कूलों में छापेमारी की। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 3 बच्चे दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। तीनों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं, एसडी स्कूल में सीएम फ्लाइंग को परीक्षा केंद्र के नीचे वाले कमरों में महिला स्टाफ बैठा हुआ मिला। उचाना कलां स्थित एसएसएम एसडी सीनियर सेेकेंडरी स्कूल में एसडीएम ने 6 केस बनाए गए।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.