बिना दस्तावेज चलती मिलीं 5 प्राइवेट बसें इम्पाउंड, काटे चालान
प्राइवेट बस संचालकों की मनमानी के चलते खामियाजा आम यात्रियों को उठाना पड़ रहा है। जिले में धड़ल्ले से नियमों की उल्लंघना कर चल रही प्राइवेट बसों पर शुक्रवार को सीएम फ्लाइंग के मार्फत कड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान 11 बसों पर कार्रवाई की गई। इनमें से 5 में अधिक खामी पाए जाने पर इन्हें इंपाउंड भी कर दिया गया। हालांकि देर शाम तक आरटीए दफ्तर के अधिकारी इस जानकारी को भी छिपाने में लगे रहे।
सीएम फ्लाइंग की टीम से इंस्पेक्टर सुरेंद्र और आरटीए में सहायक सचिव जगबीर शर्मा ने संयुक्त तौर पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान मकड़ौली टोल पर पानीपत रूट की दो बसों को इंपाउंड कर दिया गया और दो का चालान किया। झज्जर रूट पर दो बसों को इंपाउंड किया और एक का चालान किया गया। सोनीपत रूट पर एक बस को इंपाउंड और दो का चालान किया गया। इस दौरान जांच टीम ने पाया कि बसों में ड्राइवर और कंडक्टर ने वर्दी नहीं डाली थी, बिना परमिट के ही बसों को दौड़ाया जा रहा था। कुछ बसों का रोड टैक्स नहीं भरा गया था तो कुछ के दस्तावेज भी पूरे नहीं थे। ऐसे में इन बस संचालकों के खिलाफ करीब 1.29 लाख रुपए का जुर्माना बनाया गया है।
प्राइवेट बसों के खिलाफ सीएम फ्लाइंग और आरटीए की टीम कार्रवाई करते हुए।