पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Rohtak
  • Maham News Haryana News 6 Outsiders Found Sitting In The Room Of Chief Superintendent In Maham Sanghi39s Center Paper Canceled On Heavy Intervention Of Helpers

महम में चीफ सुपरिंटेंडेंट के कमरे में बैठे मिले 6 बाहरी, मददगारों के भारी दखल पर सांघी का सेंटर-पेपर रद‌्द

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

हरियाणा शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा का गणित का पेपर बुधवार को कड़ी सुरक्षा में हुआ। वहीं, परीक्षा केंद्रों के बाहर लोगों की भीड़ जमा थी, लेकिन सख्ती के चलते कोई भी परीक्षा केंद्र तक नहीं पहुंच सका। पेपर शुरू होते ही शिक्षा बोर्ड व उड़नदस्ते की टीम परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गई थी। करीब आधे घंटे बाद बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह महम-भिवानी रोड स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंच गए। यहां उन्हें परीक्षा केंद्र अधीक्षक के कमरे में छह बाहरी व्यक्ति बैठे मिले। उन्होंने व्यक्तियों से पूछताछ कर बाहर निकलवाया। परीक्षा केंद्र अधीक्षक को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही नोटिस जारी कर जवाब मांगा। इसके बाद बोर्ड चेयरमैन ने सैमाण चुंगी स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महम, बैंसी व निंदाना के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। वहां कोई अनियमितता सामने नहीं आई। बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह ने बताया कि महम-भिवानी रोड स्थित राजकीय स्कूल के परीक्षा केंद्र के अधीक्षक के कमरे में छह बाहरी व्यक्ति बैठे मिले थे। इस मामले में परीक्षा केंद्र अधीक्षक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इसके अलावा जिन परीक्षा केंद्रों की जांच की गई उन पर सामान्य हालात मिले।

सेंटर सुपरिंटेंडेंट का आरोप- केंद्र में गड़बड़ नहीं थी सेंटर रद्द करना गलत : सांघी गांव के बोर्ड परीक्षा केंद्र के सुपरिंटेंडेंट व राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकंडरी स्कूल के प्रिंसिपल जयपाल दहिया का कहना है कि उनके सेंटर पर परीक्षा पूरी पारदर्शिता और सभी नियमों के अनुरूप हो रही थी। अंदर किसी प्रकार की नकल का मामला नहीं मिला। बाहर लोगों के जमावड़े की वजह इस सेंटर पर 12 गांवों के बच्चों का आना है। इन बच्चों के साथ उनके अभिभावकों के आने से भीड़ बढ़ना लाजमी है। वो परीक्षा केंद्र के बाहर के माहौल को कंट्रोल भी नहीं कर सकते। लेकिन बोर्ड चेयरमैन ने सेंटर में नकल मिलने का आरोप लगा सेंटर रद्द किया है। ये गलत है। सेंटर में कोई गड़बड़ नहीं थी।


सांघी गांव के केंद्र में 20 मिनट रुके बोर्ड चेयरमैन, नकल सामग्री मिलने पर चीफ सुपरिंटेंडेंट से जताई नाराजगी

बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह दोपहर 3:10 बजे के करीब सांघी गांव के डॉ. सरुप सिंह राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बने दो केंद्रों पर परीक्षा आयोजन की व्यवस्था जांचने के लिए पहुंचे। केंद्र के अंदर एक सेंटर में 127 और दूसरे सेंटर पर 77 विद्यार्थी पेपर देते मिले। चेयरमैन 20 मिनट तक इन सेंटरों पर रुके। बोर्ड प्रशासन का दावा है कि जब चेयरमैन परीक्षा केंद्र के पिछले हिस्से की तरफ पहुंचे, वहां पर उन्हें बड़ी संख्या में आउटसाइडर्स को पर्ची फेंकते हुए मिले। केंद्र के अंदर कमरों के आसपास नकल सामग्री का ढेर लगा मिला। परीक्षार्थियों के पास ब्लैक एंड व्हाइट एडमिट कार्ड मिले। जबकि नियम कलर एडमिट कार्ड जारी करने का है। केंद्र में यह अनियमितताएं मिलने पर बोर्ड चेयरमैन ने स्कूल में बने दो केंद्र पर चल रही परीक्षा व सेंटर रद्द कर दिया। सांघी गांव के स्कूल में बने दो केंद्रों पर लाढ़ौत, काहनी, रिठाल, जसिया, घिलौड़, खिड़वाली, सांघी गांव के 12 गांव के लोगों के बच्चे परीक्षा देने आ रहे हैं।

गांवों के सेंटर पर काबू नहीं आ रहे नकलचियों के मददगार

जिले में हुई परीक्षा के दौरान किलाई, सांघी, खिड़वाली, चमारियां और महम, सांपला ब्लॉक के केंद्रों में आउटसाइडर्स की भारी भीड़ जमा रही। गांव के युवक पर्चियां लेकर दीवारों पर चढ़कर फेंकते रहे। आउटसाइडर्स को केंद्रों से दूर रखने के लिए पुलिस कर्मियों ने सख्ती बरती। तीन घंटे की परीक्षा के अंतराल में पुलिस कर्मी लाठियां पटककर युवकों को केंद्र से दूर हटाते रहे। वहीं केंद्रों के मुख्य द्वार पर पंचायत प्रतिनिधियों का पहरा होने के बाद भी आउटसाइडर्स पर सख्ती नहीं बरत पाए। जिला शिक्षा अधिकारी परमेश्वरी हुड्डा ने बताया कि जिले में बुधवार को 12वीं कक्षा की गणित विषय की परीक्षा शांतिपूर्वक तरीके से कराई गई है। सांघी गांव के अलावा किसी भी सेंटर से आउटसाइडर्स की ओर से माहौल खराब किए जाने की शिकायत नहीं मिली है।

महम परीक्षा केंद्र अधीक्षक को लगाई फटकार, नोटिस जारी कर मांगा जवाब

भास्कर न्यूज | रोहतक

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से बुधवार को जिले में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए गणित विषय की परीक्षा हुई। जिले के केंद्रों से दो परीक्षार्थियों को फ्लाइंग टीम ने नकल करते हुए पकड़ा। 12वीं कक्षा के गणित पेपर में खुद बाेर्ड चेयरमैन जगबीर सिंह ने रोहतक जिले के 9 केंद्रों पर प्रबंध जांचे। उन्होंने महम, चिड़ी, सांघी गांव के कुल नौ केंद्रों का दौरा किया। महम ब्लॉक के चार केंद्रों, निंदाना, लाखनमाजरा में एक-एक और सांघी के राजकीय माॅडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बने दो केंद्रों में औचक निरीक्षण किया। चेयरमैन को सांघी गांव के अंदर बने परीक्षा केंद्र के पिछले हिस्से पर आउटसाइडर्स पर्चियां फेंकते मिले। चेयरमैन के अनुसार केंद्र के अंदर भी पर्चियों का ढेर मिला। इसके बाद बोर्ड चेयरमैन ने परीक्षा की पारदर्शिता भंग होने के चलते पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के गांव के सेंटर व
पेपर दोनों को रद्द कर दिया। वहीं भिवानी रोड स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में परीक्षा अवधि के दौरान निरीक्षण करने पहुंचे बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह को चीफ सुपरिटेंडेंट के कमरे में छह बाहरी व्यक्ति बैठे मिले। चेयरमैन ने चीफ सुपरिंटेंडेंट से व्यक्तियों के बारे में जवाब तलब किया। संतोषजनक जवाब न मिलने चेयरमैन ने चीफ सुपरिंटेंडेंट पर गहरी नाराजगी जताते शोकॉज नोटिस जारी करने के आदेश दिया।

सेंटर में काफी अनियमितताएं थीं, इसलिए रद्द किया

सांघी गांव के सेंटर के अंदर नकल का ढेर मिला है। गणित के पेपर से ही ये नकल सामग्री थी। आउटसाइडर्स भी इस सेंटर पर हावी थे। सेंटर के अंदर चीफ सुपरिटेंडेंट, पंचायत और पुलिस तीनों की व्यवस्था फेल मिली। इसलिए सेंटर रद्द किया है। अन्य किसी प्रकार की मंशा के आरोप गलत हैं। बोर्ड ने परीक्षा को सुचारू व नकल के बिना कराने के लिए ये कदम उठाया है।
डॉ.जगबीर सिंह, चेयरमैन, हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी।

राेहतक के राजकीय सीसै. स्कूल में शरारती युवकाें द्वारा तोड़ी ताराें काे देखते पुलिसकर्मी।

महम में अायाेजित बाहरवीं की परीक्षा के दाैरान निरीक्षण करते चेयरमेन जगबीर सिंह।
खबरें और भी हैं...