एकता काॅलोनी में छेड़छाड़ का विरोध किया तो युवक के पेट में घोंपा चाकू
एकता काॅलोनी में महिला से छेडछाड़ कर रहे युवकों का विरोध करने पर गुरुवार दोपहर को दो युवकों ने एकता कॉलोनी के मुकेश के पेट में चाकू घोंप दिया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। घायल का आरोप है कि पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। घायल मुकेश निवासी एकता काॅलोनी ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 11 बजे वह गली में ही खड़ा था। इसी दौरान वहां दो युवक आए, जिन्होंने शराब पी हुई थी। दोनों युवक आपस में गाली गलौज कर रहे थे। इसी दौरान वहां से एक महिला गुजर रही थी, जिसे देख कर दोनों युवक फब्तियां कसने लगे। जिसका मैंने विरोध किया तो आरोपी इसी बात से गुस्से आ गए और उसके पेट में चाकू घोंप कर फरार हो गए।