छात्र पर जानलेवा हमला करने का आरोपी पांच महीने बाद गिरफ्तार
पुलिस ने जानलेवा हमला करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी गांव सिसाना निवासी अंकित दहिया है। इसने तिकोना पार्क के पास किसी बात को लेकर गांव भापडौदा के नीरज पर जानलेवा हमला किया था।
19 अक्टूबर 2019 को सिविल लाइन थाने में गांव भापडौदा निवासी नीरज ने शिकायत दी थी कि वह मॉडल टाउन रोहतक स्थित एक लाइब्रेरी में पढ़ने जाता था। वह अपने दोस्त रजत के साथ पढ़ने के लिए लाइब्रेरी में जा रहा था। जब दोनों तिकोना पार्क के पास पहुंचे, तभी गांव चुलियाणा निवासी स्वर्ग अपने साथियों के साथ बाइक पर आया। आरोप है कि स्वर्ग व उसके साथी लाठी-डंडे आदि से दोनों का रास्ता रोक मारपीट करने लगे। स्वर्ग ने चाकू से नीरज पर वार किए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि 18 अक्टूबर की शाम के समय नीरज अपने दोस्त रजत के साथ अपनी बहन को घर छोड़ने जा रहा था। रास्ते में तिकोना पार्क के पास बाइक सवार स्वर्ग चुलियाणा व उसके साथी से नीरज व रजत का झगड़ा हो गया। इसी बात की रंजिश रखते हुए स्वर्ग ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।