कुलबीर हत्याकांड में आरोपी ट्रांसपोर्टर गिरफ्तार
पुलिस ने श्रीराम नगर के कुलबीर सिंह की हत्या मामले में आरोपी बहु जमालपुर निवासी मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया। जहां अदालत ने उसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मनोज का ट्रांसपोर्ट का बिजनेस है। आरोपी के पास कुलबीर सिंह नौकरी करता था।
9 मार्च को मनोज अपने साथियों के साथ कुलबीर सिंह को अपने साथ ले गए। आरोप है कि पैसों के लेन-देने के कारण आरोपी मनोज ने अपने साथियों के साथ मिलकर आईडीसी चौक स्थित अपने ऑफिस व गांव बहु जमालपुर के खेतों में कुलबीर के साथ मारपीट की। आरोपी मारपीट के बाद बेहोशी की हालत में कुलबीर को घर के पास छोड़कर फरार हो गए। मारपीट में लगी चोटों के कारण ही कुलबीर की मौत हुई थी। वारदात में शामिल अन्य आरोपी फरार चल रहे है, पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी में लगी हुई है। थाना शिवाजी काॅलोनी प्रभारी बलवंत सिंह ने बताया कि 11 मार्च को श्रीराम नगर के रोहित ने पुलिस को शिकायत दी थी कि गांव बहु जमालपुर निवासी मनोज के हिसार बाईपास आईडीसी चौक पर ट्रांसपोर्ट का ऑफिस कर रखा है। इस पर कुलबीर सिंह करीब एक महीने से नौकरी कर रहा था। 9 मार्च को मनोज कुलबीर सिंह को घर से अपने ऑफिस में ले गया। 10 मार्च को कुलबीर सिंह गली के मोड़ पर बेहोशी की हालत में मिला था, जिसके शरीर पर चोटों के निशान थे। परिजनों ने कुलबीर को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया। इलाज के बाद परिजन कुलबीर को घर पर ले आए। 11 मार्च को कुलबीर सिंह ने दम तोड़ दिया था। थाना शिवाजी कॉलोनी पुलिस ने इस मामले में ट्रांसपोर्टर मनोज समेत अन्य के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।