बीड़ी भी नकली... पुलिस ने छापा मारकर फैक्ट्री की सील
बसस्टैंड से सुखपुरा चौक की तरफ प्रेम नगर के नजदीक एक ब्रांडेड कंपनी के लोगो और रैपर का प्रयोग करके नकली बीड़ी बनाने का मामला सामने आया है। नकली इनबिल्ट होलोग्राम, रैपर, लेबल का प्रयोग कर बीड़ी के बंडल बनाकर बेचने के आरोप में पुलिस ने कंपनी की टीम के साथ मिलकर छापेमारी की। पुलिस ने मौके से ब्रांडेड कंपनी के नकली लेबल, इनबिल्ट होलोग्राम, रैपर बरामद किए। थाना सिविल लाइन पुलिस ने कंपनी के कर्मचारियों की शिकायत पर दो नामजद के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्वी दिल्ली निवासी अशरफुल आलम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पश्चिम बंगाल के औरंगाबाद जिला मुर्शिदाबाद की एक ब्रांडेड बीड़ी कंपनी के दिल्ली ऑफिस में मैनेजर ऑफ सेल्स के पद पर कार्यरत है। उसे व कंपनी के कर्मचारी रोनी बिश्वास को सूचना मिली कि रोहतक में कमल कॉलोनी के संजय ने प्रेम नगर रोड पर फैक्टरी में बीड़ी बनाने का काम किया हुआ है। फैक्ट्री में बंगाल का कारीगर लगाया हुआ है। उस कारीगर को बीड़ी के बंडल पैकिंग का पहले से ही अनुभव है। उक्त दोनों ने ब्रांडेड कंपनी के लेबल, इनबिल्ट होलोग्राम, रैपर सब नकली लगाकर तैयार किए हैं। इतना ही नहीं, ब्रांडेड कंपनी को नुकसान पहुंचाने की नीयत से तैयार करके गोदाम के पास बनी दुकान में रखकर ग्राहकों को परचून व थोक में मार्केट में बेचा भी जा रहा है। सूचना के आधार पर कंपनी के दोनों कर्मचारी मौके पर सिविल लाइन थाना पुलिस के साथ पहुंचे और मौके से भरपूर मात्रा में तैयार नकली माल सहित कंपनी के हूबहू होलोग्राम, रैपर सहित अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने छापेमारी के बाद मौके से सामान बरामद कर फैक्टरी को ताला लगा दिया।
राेहतक में नकली टोनर बेच रहा था युवक : प्रसिद्ध कंपनी टोनर का मार्का यूज कर नकली टोनर बेचने के आरोप में पुलिस ने रोहतक निवासी अाकाश के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट में सिविल लाइन थाने में केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई कंपनी के जांच अधिकारी दिल्ली निवासी खुशमीत की शिकायत पर की गई है। 12 मार्च को सूचना मिली थी कि रोहतक में रेडियो स्टेशन चौक के पास कम्प्यूटर शॉप में आकाश नामक युवक काम करता है। उसके पास से 7 नकली कॉर्टेज मिले।
बीड़ी कंपनी का माल उतारते कर्मचारी।