रेलवे रोड पर सुरक्षा के लिए डीएसपी से मिले व्यापारी, राइडर तैनात करने का दिया भरोसा
सुनारो वाली गली में गुरुवार रात कारीगर पर पिस्टल तान लूटने का प्रयास करने के मामले में पुलिस अभी तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। घटना के विरोध में शुक्रवार को व्यापारियों ने बाजार में मीटिंग की। व्यापारियों के एकत्रित होने की सूचना मिलने के बाद सिटी थाना प्रभारी प्रमोद गौत्तम मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों को निरंतर पुलिस की गश्त का आश्वासन दिया, लेकिन व्यापारी संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद व्यापारी एसपी राहुल शर्मा से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे।
एसपी जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में होने के कारण व्यापारी हेडक्वार्टर डीएसपी गोरखपाल राणा से मिले। व्यापारियों ने कहा कि भिवानी स्टैंड से अग्रसेन चौक और सुनारों वाली गली के लिए स्थाई दो पुलिस राइडर तैनात किया जाए। साथ ही व्यापारियों ने आर्म्स लाइसेंस की भी मांग की है। व्यापरियों का कहना है कि पिछले दो साल में सुनारों वाली गली में करीब छह कारोबारियों और उनके कारिगरों से लूट का प्रयास हो चुका है। पुलिस अब तक इनमें से किसी को भी नहीं पकड़ पाई। डीएसपी गोरखपाल राणा ने बाजार में पुलिस की निरंतर गश्त कराने का आश्वासन दिया। इधर, पुलिस टीम घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर बदमाशों की पहचान करने के प्रयास में लगी है। महाराजा अजमीढ़ स्वर्णकार संघ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र भारत व व्यापारी नेता हेमंत बख्शी ने कहा कि रेलवे रोड शहर का एक ऐसा बाजार है। जहां भिवानी स्टैंड से लेकर सुनारों वाली गली तक लगभग 250 से 300 दुकानें बड़े सर्राफा व्यापारियों और सोने के जेवर बनाने वाले कारीगरों की हैं। यहां कच्चे सोने की खरीद से लेकर सोने की डाई कटिंग, पोलिश, गलवाई, सुधवाई का सारा काम गांधी कैंप, बड़े बाजार से ही नहीं बल्कि आसपास के लगते कस्बा कलानौर, सांपला, महम, जींद, गोहाना, झज्जर, बहादुरगढ़ जैसे एरिया से सर्राफा काम कराने के लिए इस बाजार की गलियों में आता है। इसके बावजूद सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है। इस मौके पर स्वर्णकार संघ के शहरी अध्यक्ष जगदीश वर्मा, महासचिव अमित वर्मा, त्रिलोक चंद सर्राफ रवि वर्मा, सुमेर चंद, प्रवीण बंसल, राजेश सेठी, नरेश भालोठिया, संजय वर्मा, ऋषि वर्मा, जय किशन मराठा, रघु मराठा, संतलाल वर्मा आदि मौजूद रहे।
व्यापारी बोले-दो वर्ष में छह कारोबारियों और उनके कारीगरों से लूट का हो चुका प्रयास
इन वारदात का नहीं हो पाया खुलासा
1. अप्रैल 2018 में पुलिस कर्मी बता हेमंत वर्मा से लूट का प्रयास हुआ।
2. जुलाई में विजय के साथ लूट करने की कोशिश की।
3. 2019 सिंतबर में सौरभ के साथ सुनारों वाली गली में लूट का प्रयास।
4. 12 मार्च को अक्षय पर पिस्तौल तानकर लूटने का प्रयास
पुलिस से सुरक्षा की मांग करते व्यापारी।