शटरिंग गिरने से टूटे दुकानों के शेड अब ठेकेदार कराएगा ठीक
कच्चा बेरी रोड पर निर्माणाधीन एलीवेटेड रोड की शटरिंग गिरने से दुकानों के टूटे हुए शेड की मरम्मत के मामले का शनिवार को समाधान हो गया। पीडब्लूडी के एसई हनुमंत सांगवान के हस्तक्षेप के बाद एक दिन पहले तक दुकानदारों की मांग अनुसुनी करने वाला ठेकेदार शेड की मरम्मत के लिए तैयार हो गया। इसके बाद दुकानदारों ने भी धरना देने का फैसला वापस ले लिया। कच्चा बेरी रोड पर एलीवेटेड रोड के सेकंड फेज का निर्माण कार्य चल रहा है। दो दिन पहले रात में पुल के डेक स्लैब की शटरिंग खोलते समय नीचे गिर गई। इससे 8 दुकानों के आगे लगे शेड सहित अन्य सामान टूट गए। सुबह जब दुकानदारों को पता चला तो उन्होंने ठेकेदार से मिलकर शेड की मरम्मत कराने की मांग की थी। उस समय ठेकेदार ने सहयोग का वास्ता देते हुए शेड ठीक करवाने का आश्वासन दिया। लेकिन शुक्रवार को उसने शेड की मरम्मत कराने से ही इंकार कर दिया था। इस पर दुकानदारों ने शुक्रवार शाम को बैठक करके तय किया कि वे शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी के एसई हनुमंत सांगवान को मौके पर बुलाकर अपनी मांग रखेंगे। पूरी नहीं होने की दशा में धरना शुरू करेंगे। शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी के एसई हनुमंत सांगवान और व्यापारी नेता राजेश लूंबा के बीच बातचीत के बाद ठेकेदार को बुलाकर दुकानों के टूटे शेड की मरम्मत कराने के लिए कहा।
मेंटेनेंस करते कर्मचारी।