निगम ने जमीन मलकीयत के लिए हुडा को भेजा पत्र
हिसार रोड और पुरानी सब्जी मंडी की 179 दुकानों की अोल्ड ब्वायज स्कूल की जमीन में शिफ्टिंग काे लेकर नगर निगम ने हुडा विभाग को पत्र भेजकर 7 दिन में रिपोर्ट मांगी है। इसमें कहा गया है कि दुकानों की शिफ्टिंग के जमीन का मालिकाना हक होना जरूरी है। लिहाजा एक सप्ताह के अंदर हर हाल में जरूरी कार्रवाई पूरी करते हुए हुडा विभाग मलकीयत के कागज नगर निगम कार्यालय में जमा करवाए। नगर निगम के एलओ सुरेंद्र गोयल ने बताया कि हुडा विभाग के अलावा बिजली निगम को पत्र भेजा गया है। क्योंकि जहां दुकानें शिफ्ट होनी हैं वहां पर बिजली के खंभे हैं। दुकानों के निर्माण में वे अड़चन बनेंगे। इसलिए खंभों को तत्काल वहां से हटाए जाने के लिए बिजली निगम के संबंधित अधिकारी को पत्र भेज दिया गया है।
यह है मामला: हिसार रोड पर दुर्गा भवन मंदिर के अागे ओल्ड ब्वायज स्कूल ग्राउंड से लगी 74 दुकानें हैं। इनकी साइज 6.9 बाई 12 फीट है। इन दुकानदारों ने पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर को सामूहिक रूप से पत्र देकर सिफारिश की थी कि छोटी दुकानो के कारण उनको व्यापार में दिक्कत आ रही है। लिहाजा उनकी दुकानों को गहराई बढ़ा दी जाए। इसके बाद नगर निगम की ओर से चंडीगढ़ बनाकर भेजी गई यहां की फाइल पर प्रदेश सरकार की ओर से मंजूरी भी प्रदान कर दी गई। लेकिन अभी तक हुडा विभाग की ओर से जमीन की मलकीयत नगर निगम को स्थानांतरित किए जाने पर अमल नहीं किया गया है। इसी क्रम में पुरानी सब्जी मंडी की भी 105 दुकानों को पीछे शिफ्ट किया जाना है। इधर संबंधित दुकानदारों की ओर से दुकानाें से संबंधित कागजात भी जमा करवा दिए गए हैं।