भक्तों ने पूजा-अर्चना कर मां का लिया आशीर्वाद
माता दरवाजा चौक स्थित श्री शीतला माता मंदिर में मंगलवार को वार्षिक मेले का शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर प्रदेश के कई जिलों से आए श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की शांति के लिए मां का आशीर्वाद लिया। मंगलवार-बुधवार की रात 12 बजे भोग-आरती के साथ दर्शन-पूजन का सिलसिला शुरू हुआ। हालांकि होली त्योहार होने से श्रद्धालु कम संख्या में आए, जबकि चैत्र में एक महीने तक चलने वाले इस मेले में हर बुधवार को खास आराधना का विधान है। श्री पंच परमेष्ठी युवा मंडल के अध्यक्ष विवेक जैन ने बताया कि मंडल की ओर से फतेह प्रकाश, आत्माराम, जय प्रकाश, प्रवीण कुमार, राजेश शर्मा, आशीष, शिवा, विशाल, बैकुंठ, उत्सव, राजीव, कार्तिक, नितिन, प्रिंस, जतिन, सचिन आदि ने मेले की व्यवस्था में सहयोग किया। इधर, श्री शीतला माता मंदिर के महंत पं. थानेश्वर दास उदासीन ने बताया कि प्राचीन सरोवर की सफाई नहीं करवाई गई। इससे मिट्टी निकालने की रस्म निभान श्रद्धालु दिक्कत उठा रहे हैं।
श्री शीतला माता मंदिर के प्राचीन सरोवर की सफाई के लिए नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक महावीर सोढ़ी को निर्देश दिए हैं। ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो। मिट्टी निकालने की रस्म के लिए वैकल्पिक इंतजाम कराए जाएंगे। गड्ढा खोदवाकर उसमें टैंकर से पानी भरा जाएगा।
-मनमोहन गोयल, मेयर, नगर निगम।
माता दरवाजा स्थित शीतला माता मंदिर में पूजा करने के दाैरान दिया जलाते हुए श्रद्धालु।
शीतला माता मंदिर में पूजा करने के दाैरान परिक्रमा करते श्रद्धालु।